बलोचिस्तान में सुरक्षा बलों के काफिले पर बड़ा हमला, BLA ने 45 सैनिकों के मारे जाने का किया दावा
नई दिल्ली: पाकिस्तान के बलोचिस्तान प्रांत में सुरक्षा हालात एक बार फिर चर्चा में हैं। बलोच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने दावा किया है कि उसके लड़ाकों ने मस्तुंग जिले के खडकोचा क्षेत्र में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के काफिले को निशाना बनाया। संगठन के अनुसार, इस हमले में 45 से अधिक पाकिस्तानी सैनिक मारे गए, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं।
BLA के प्रवक्ता जीयंद बलोच की ओर से जारी बयान में कहा गया कि इस कार्रवाई को संगठन के “फतह स्क्वाड” ने अंजाम दिया। बयान के मुताबिक, हमले का निशाना सेना के जवानों को ले जा रही बसें, उनके सुरक्षा एस्कॉर्ट और बाद में मौके पर पहुंची अतिरिक्त सैन्य टुकड़ियां थीं।
लंबे समय तक चली मुठभेड़ का दावा
संगठन ने दावा किया है कि हमले के बाद दोनों पक्षों के बीच लंबे समय तक मुठभेड़ चली। BLA के अनुसार, इस कार्रवाई में 45 से अधिक सैनिकों की मौत हुई और दर्जनों अन्य घायल हुए। संगठन का यह भी कहना है कि संघर्ष जारी रहने के कारण मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
जल्द जारी करने का दावा किया विस्तृत विवरण
BLA ने अपने बयान में कहा है कि वह इस अभियान से जुड़ी विस्तृत जानकारी जल्द सार्वजनिक करेगा। संगठन के मुताबिक, इसमें हमले की रणनीति, पाकिस्तानी सुरक्षा बलों को हुए कथित नुकसान और सैन्य उपकरणों को पहुंचे नुकसान का विवरण भी शामिल होगा।
पाकिस्तानी सेना की ओर से नहीं हुई पुष्टि
अब तक पाकिस्तानी सेना या सरकार की ओर से BLA के दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। इसलिए हमले में हताहतों की संख्या की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
हाल के महीनों में बढ़े हैं हमले
गौरतलब है कि हाल के महीनों में बलोचिस्तान में BLA ने पाकिस्तानी सेना, अर्धसैनिक बलों और सरकारी प्रतिष्ठानों पर कई हमलों की जिम्मेदारी ली है। इन घटनाओं के बाद क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति लगातार तनावपूर्ण बनी हुई है और पाकिस्तान सरकार के सामने सुरक्षा चुनौतियां बढ़ी हैं।





