महिला एशिया कप में फिर ट्रॉफी पर घमासान का खतरा! भारत जीता तो क्या होगा? फाइनल में मोहसिन नकवी की मौजूदगी से बढ़ी टेंशन

0702

दुबई: एशिया कप की ट्रॉफी को लेकर पिछले साल हुआ विवाद अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है और अब महिला एशिया कप के फाइनल में भी ऐसी ही स्थिति बनने की आशंका जताई जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, एशियन क्रिकेट काउंसिल और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी 13 सितंबर को होने वाले महिला एशिया कप फाइनल के दौरान दुबई में मौजूद रहेंगे। उन्हें टूर्नामेंट के समापन समारोह का मुख्य अतिथि बनाया गया है। ऐसे में अगर भारतीय महिला टीम फाइनल जीतती है तो ट्रॉफी सौंपने को लेकर एक बार फिर पेचीदा स्थिति पैदा होने की अटकलें हैं।

फाइनल में मुख्य अतिथि होंगे मोहसिन नकवी

रिपोर्ट के अनुसार, मोहसिन नकवी 13 सितंबर को महिला एशिया कप के फाइनल में शामिल होंगे। समापन समारोह में उनकी मौजूदगी तय बताई जा रही है और विजेता टीम को ट्रॉफी सौंपने की जिम्मेदारी भी उनके पास होने की संभावना है।

हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम को इस टूर्नामेंट में खिताब का मजबूत दावेदार माना जा रहा है। भारत पहले ही सेमीफाइनल में जगह पक्की कर चुका है। ऐसे में अगर भारतीय टीम फाइनल जीतती है तो सभी की नजरें इस बात पर होंगी कि पुरस्कार समारोह में ट्रॉफी किसके हाथों सौंपी जाती है।

भारत-पाकिस्तान मैच में भी नहीं हुआ था हाथ मिलाना

महिला एशिया कप में भारत और पाकिस्तान के हालिया मुकाबले के दौरान दोनों टीमों की कप्तानों के बीच हाथ नहीं मिलाया गया था। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर और पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने मैच के दौरान हैंडशेक नहीं किया।

पिछले साल पुरुष एशिया कप में भी भारत और पाकिस्तान के बीच ऐसा ही घटनाक्रम देखने को मिला था। उस समय भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव और पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा के बीच हाथ नहीं मिला था। इसके बाद दोनों टीमों के बीच तनाव और खेल से जुड़े प्रोटोकॉल को लेकर काफी चर्चा हुई थी।

2025 पुरुष एशिया कप फाइनल में क्या हुआ था?

2025 के पुरुष एशिया कप फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को हराकर खिताब जीता था। इसके बाद पुरस्कार समारोह में मोहसिन नकवी भारतीय टीम को ट्रॉफी देने के लिए कथित तौर पर करीब आधे घंटे तक मंच पर इंतजार करते रहे थे।

रिपोर्ट के मुताबिक, सूर्यकुमार यादव और भारतीय टीम ने नकवी के हाथों ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था। भारतीय टीम की इच्छा थी कि ट्रॉफी किसी अन्य एसीसी अधिकारी के हाथों सौंपी जाए। टीम ने कथित तौर पर पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि वह नकवी से ट्रॉफी स्वीकार नहीं करेगी। इसके बावजूद नकवी मंच पर मौजूद रहे।

नकवी ट्रॉफी लेकर चले गए थे

इसके बाद मोहसिन नकवी पुरस्कार समारोह से चले गए और ट्रॉफी भी अपने साथ ले गए। रिपोर्ट में दावा किया गया कि वह ट्रॉफी को अपने होटल के कमरे में ले गए थे। इसके बाद ट्रॉफी के एसीसी के दुबई स्थित कार्यालय में रखे होने की बात सामने आती रही है और भारतीय टीम को अभी तक वह ट्रॉफी नहीं मिली है।

बीसीसीआई और एसीसी के बीच बातचीत से नहीं निकला समाधान

रिपोर्ट के मुताबिक, इस पूरे मामले को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने मोहसिन नकवी और एसीसी के अन्य अधिकारियों से कई दौर की बातचीत की है। हालांकि, अभी तक विवाद का समाधान नहीं हुआ है।

अब महिला एशिया कप के फाइनल में नकवी की मौजूदगी ने पिछले साल के विवाद को फिर चर्चा में ला दिया है। अगर भारत फाइनल जीतता है तो पुरस्कार समारोह के दौरान ट्रॉफी सौंपे जाने की प्रक्रिया पर खास नजर रहेगी और यह देखना अहम होगा कि पिछले साल जैसी स्थिति दोबारा बनती है या नहीं।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र