बढ़ती कीमतों के बीच सरकार ने खोला प्याज का बफर स्टॉक, 10 दिन में 4,000 टन बिक्री; 35 रुपये किलो में राहत

00000000000-0000000

नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में प्याज की बढ़ती कीमतों के बीच केंद्र सरकार ने बफर स्टॉक से प्याज की बिक्री तेज कर दी है। सरकार ने ‘कांदा एक्सप्रेस’ और ट्रकों के जरिए बड़े शहरों में प्याज पहुंचाना शुरू किया। शुरुआती 10 दिनों में ही 17 शहरों में करीब 4,000 टन बफर प्याज बेचा जा चुका है। सरकार का मकसद बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण करना और उपभोक्ताओं को राहत देना है।

17 शहरों में 35 रुपये किलो बिक रहा प्याज

उपभोक्ता मामलों की सचिव निधि खरे ने रविवार को बताया कि बफर स्टॉक से निकाला गया प्याज चुनिंदा शहरों में रियायती दर पर बेचा जा रहा है। इसके तहत प्राइस सेंसिटिव शहरों में प्याज 35 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से उपलब्ध कराया जा रहा है।

केंद्र सरकार ने वर्ष 2026 के लिए एनसीसीएफ और नेफेड के माध्यम से 1.21 लाख टन प्याज का बफर स्टॉक तैयार रखा है। उत्पादक राज्यों से प्याज को खपत वाले केंद्रों तक पहुंचाने के लिए विशेष ‘कांदा एक्सप्रेस’ ट्रेन के साथ ट्रकों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।

दिल्ली और चेन्नई पहुंचा बड़ा स्टॉक, गुवाहाटी के लिए तीसरी खेप तैयार

सरकार के मुताबिक बड़ी मात्रा में बफर प्याज ‘कांदा एक्सप्रेस’ के जरिए दिल्ली और चेन्नई पहुंच चुका है। अब गुवाहाटी भेजने के लिए तीसरी खेप लोड की जा रही है।

अधिकारियों का कहना है कि बफर स्टॉक से प्याज की आपूर्ति बढ़ने के बाद उपभोक्ताओं को कुछ राहत मिली है और कीमतों में भी मामूली कमी दर्ज की गई है।

एनसीसीएफ ने अब तक 1,500 टन प्याज बेचा

एनसीसीएफ की प्रबंध निदेशक एनीस जोसेफ चंद्र के अनुसार, संस्था ने अब तक देश के अलग-अलग शहरों में 35 रुपये प्रति किलोग्राम की खुदरा दर पर 1,500 टन बफर प्याज बेच दिया है।

बिक्री का दायरा बढ़ाने के लिए कुछ राज्यों के साथ समझौते भी किए गए हैं। इसके अलावा एनसीसीएफ के अपने स्टोर, मोबाइल वैन, सहकारी समितियों और स्थानीय प्रशासन की ओर से चिन्हित अन्य माध्यमों से भी प्याज की बिक्री की जा रही है।

अखिल भारतीय औसत खुदरा कीमत में आई गिरावट

उपभोक्ता मामलों के विभाग के आंकड़ों के मुताबिक बफर स्टॉक से प्याज बाजार में उतारे जाने के बाद अखिल भारतीय औसत खुदरा कीमत में कमी आई है। रिलीज से पहले प्याज की औसत खुदरा कीमत 50.79 रुपये प्रति किलोग्राम थी, जो 28 अगस्त को घटकर 48.5 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई।

हालांकि, 5 सितंबर को कई बड़े शहरों में प्याज अभी भी महंगा था। दिल्ली में इसका खुदरा भाव 58 रुपये प्रति किलोग्राम, मुंबई में 53 रुपये, चेन्नई में 63 रुपये और रांची में 40 रुपये प्रति किलोग्राम दर्ज किया गया। इस दौरान प्याज का औसत थोक मूल्य 42.79 रुपये प्रति किलोग्राम रहा।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र