Netflix August 2026: अगस्त में OTT पर धमाका, 10+ नई फिल्में और सीरीज के साथ मिलेगा भरपूर मनोरंजन
नई दिल्ली: ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स अगस्त 2026 में दर्शकों के लिए मनोरंजन का बड़ा खजाना लेकर आ रहा है। पूरे महीने एक्शन, रोमांस, युद्ध, कॉमेडी, डॉक्यूमेंट्री, रियलिटी शो और स्पोर्ट्स से जुड़ी 10 से अधिक नई फिल्में और वेब सीरीज स्ट्रीम की जाएंगी। अलग-अलग विषयों पर आधारित इन रिलीज के साथ दर्शकों को पूरे महीने देखने के लिए कई नए विकल्प मिलेंगे।
महीने की शुरुआत खेल प्रेमियों के लिए खास रहने वाली है। 2 अगस्त को डब्ल्यूडब्ल्यूई समर स्लैम 2026 का प्रसारण होगा, जिसमें रोमन रेंस, सैथ रॉलिंस, ब्रॉक लैसनर, ओबा फेमी, सीएम पंक और कोडी रोड्स जैसे दिग्गज रेसलर्स एक्शन में नजर आएंगे। इसके बाद 4 अगस्त को जापानी रियलिटी शो ‘बैडली इन लव’ का दूसरा सीजन रिलीज होगा, जिसमें युवाओं के रिश्तों और भावनात्मक उतार-चढ़ाव को दिखाया जाएगा।
6 अगस्त को लौटेगी लोकप्रिय वेब सीरीज
6 अगस्त को चर्चित वेब सीरीज ‘माय लाइफ विद द वॉल्टर बॉयज’ का तीसरा सीजन स्ट्रीम होगा। यह कहानी एक युवती के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे एक बड़े परिवार के साथ नया जीवन मिलता है और वहीं से उसकी जिंदगी नई दिशा लेती है। पहले के दोनों सीजन को दर्शकों का अच्छा प्रतिसाद मिला था।
7 अगस्त को आएंगी दो बड़ी रिलीज
7 अगस्त को नेटफ्लिक्स पर दो अहम रिलीज होंगी। पहली फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ है, जिसमें नसीरुद्दीन शाह, दिलजीत दोसांझ, वेदांग रैना और शर्वरी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। भारत-पाक विभाजन की पृष्ठभूमि पर बनी यह भावनात्मक प्रेम कहानी अब डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगी।
इसी दिन ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ भी स्ट्रीम होगी। यह फिल्म कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय वायुसेना की भूमिका पर आधारित है और इसमें स्क्वाड्रन लीडर अजय आहूजा के साहस तथा सैन्य अभियान की महत्वपूर्ण घटनाओं को दिखाया गया है।
डॉक्यूमेंट्री और स्पोर्ट्स कंटेंट भी रहेगा आकर्षण
11 अगस्त को फुटबॉल प्रशंसकों के लिए ‘मोरिन्हो’ डॉक्यूमेंट्री सीरीज रिलीज होगी। तीन एपिसोड की इस सीरीज में मशहूर फुटबॉल मैनेजर जोसे मोरिन्हो के करियर, उपलब्धियों और विवादों को दिखाया जाएगा।
इसके बाद 13 अगस्त को ‘अ चाइल्ड ऑफ माय ओन’ रिलीज होगी। वास्तविक घटनाओं से प्रेरित यह डॉक्यूमेंट्री गोद लेने की प्रक्रिया और उससे जुड़े भावनात्मक अनुभवों पर आधारित है।
14 अगस्त को रोमांस और कॉमेडी का डबल डोज
14 अगस्त को नेटफ्लिक्स पर दो नई फिल्में रिलीज होंगी। ‘कॉकटेल 2’ एक रोमांटिक कॉमेडी फिल्म है, जिसमें शाहिद कपूर, रश्मिका मंदाना और कृति सेनन मुख्य भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
इसी दिन ‘डोन्ट से गुड लक’ भी स्ट्रीम होगी। यह कॉमेडी-ड्रामा फिल्म युवाओं के संघर्ष, रिश्तों और जीवन की चुनौतियों को हल्के-फुल्के अंदाज में पेश करती है।
18 अगस्त को आएगी सैन्य थ्रिलर सीरीज
महीने के अंतिम चरण में 18 अगस्त को ‘सील टीम’ रिलीज होगी। यह सैन्य थ्रिलर सीरीज नेवी सील्स के जीवन, कठिन प्रशिक्षण और जोखिम भरे अभियानों पर आधारित है। इसमें विशेष बलों के मिशनों और उनके सामने आने वाली चुनौतियों को रोमांचक अंदाज में प्रस्तुत किया गया है।
हर वर्ग के दर्शकों के लिए खास रहेगा अगस्त
नेटफ्लिक्स की अगस्त 2026 रिलीज सूची में युद्ध आधारित कहानियों, रोमांटिक ड्रामा, रियलिटी शो, स्पोर्ट्स इवेंट, डॉक्यूमेंट्री और कॉमेडी जैसी विविध शैलियों का समावेश है। ऐसे में अलग-अलग पसंद रखने वाले दर्शकों के लिए पूरे महीने मनोरंजन के कई नए विकल्प उपलब्ध रहेंगे।





