गाय का दूध या भैंस का दूध? जानिए दोनों में क्या है अंतर और सेहत के लिए कौन-सा विकल्प है ज्यादा फायदेमंद

milk-students

नई दिल्ली: दूध को संपूर्ण आहार माना जाता है क्योंकि इसमें शरीर के लिए जरूरी कई पोषक तत्व मौजूद होते हैं। चाहे गाय का दूध हो या भैंस का, दोनों ही स्वास्थ्य के लिए लाभकारी माने जाते हैं। नियमित रूप से एक गिलास दूध का सेवन करने से शरीर को कैल्शियम, प्रोटीन, विटामिन और अन्य आवश्यक पोषक तत्व मिलते हैं। हालांकि, गाय और भैंस के दूध के पोषण मूल्य और गुणों में कुछ महत्वपूर्ण अंतर भी होते हैं, जिन्हें जानना जरूरी है।

हड्डियों और दांतों के लिए दोनों ही हैं फायदेमंद

दूध कैल्शियम का बेहतरीन स्रोत माना जाता है, जो हड्डियों और दांतों को मजबूत बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ भी संतुलित आहार के साथ नियमित रूप से दूध पीने की सलाह देते हैं।

गाय के दूध में अधिक होती है पानी की मात्रा

यदि शरीर को बेहतर हाइड्रेशन देना चाहते हैं तो गाय का दूध अच्छा विकल्प माना जाता है। इसमें लगभग 90 प्रतिशत पानी होता है, जिससे शरीर में पानी की कमी पूरी करने में मदद मिलती है।

भैंस के दूध में अधिक होता है फैट

गाय के दूध की तुलना में भैंस के दूध में वसा की मात्रा अधिक होती है। गाय के दूध में लगभग 3 से 4 प्रतिशत फैट होता है, जबकि भैंस के दूध में यह 7 से 8 प्रतिशत तक हो सकता है। इसी वजह से भैंस का दूध अधिक गाढ़ा होता है और इसे पचने में भी अधिक समय लगता है। इसे पीने के बाद लंबे समय तक भूख कम लग सकती है।

कैलोरी के मामले में भैंस का दूध आगे

भैंस के दूध में प्रोटीन और फैट अधिक होने के कारण इसकी कैलोरी भी ज्यादा होती है। एक कप भैंस के दूध में लगभग 237 कैलोरी होती है, जबकि एक कप गाय के दूध में करीब 148 कैलोरी पाई जाती है।

प्रोटीन की मात्रा में भी है अंतर

भैंस के दूध में गाय के दूध की तुलना में लगभग 10 से 11 प्रतिशत अधिक प्रोटीन होता है। अधिक प्रोटीन होने के कारण छोटे बच्चों और बुजुर्गों को भैंस का दूध देने से पहले सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।

कोलेस्ट्रॉल की मात्रा अलग-अलग

दोनों प्रकार के दूध में कोलेस्ट्रॉल की मात्रा भी अलग होती है। भैंस के दूध में कोलेस्ट्रॉल अपेक्षाकृत कम होता है। इसे पीसीओडी, उच्च रक्तचाप, किडनी संबंधी समस्याओं और मोटापे से जूझ रहे लोगों के लिए लाभकारी बताया गया है।

किस दूध में ज्यादा होता है कैल्शियम

लगभग 250 मिलीलीटर भैंस के दूध में करीब 412 मिलीग्राम कैल्शियम पाया जाता है। इसके अलावा इसमें फॉस्फोरस, मैग्नीशियम और क्लोराइड भी मौजूद होते हैं, जो हड्डियों की मजबूती के लिए फायदेमंद माने जाते हैं।

वहीं, एक कप गाय के दूध में लगभग 305 मिलीग्राम कैल्शियम होता है। इसमें प्रोटीन, विटामिन ए और विटामिन डी भी अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं, जो हड्डियों के साथ-साथ शरीर के समग्र स्वास्थ्य के लिए लाभकारी हैं।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र