IMDb की मोस्ट एंटीसिपेटेड फिल्मों की लिस्ट जारी: ‘रामायण’ नंबर-1, ‘अल्फा’, ‘टॉक्सिक’, ‘किंग’ और ‘मिर्जापुर द मूवी’ भी टॉप रैंकिंग में शामिल
नई दिल्ली: साल 2026 का पहला छह महीनों का दौर भारतीय सिनेमा के लिए कई बड़ी फिल्मों और चर्चित रिलीज़ के नाम रहा। अब दर्शकों की नजरें वर्ष के दूसरे हिस्से में आने वाली उन फिल्मों पर टिकी हैं, जिनका लंबे समय से इंतजार किया जा रहा है। इसी बीच IMDb ने वर्ष 2026 की मोस्ट एंटीसिपेटेड इंडियन फिल्मों की सूची जारी कर दी है, जिसमें पौराणिक महागाथा पर आधारित फिल्म ‘रामायण’ ने पहला स्थान हासिल किया है। इस सूची में कई बड़े सितारों और हाई-बजट प्रोजेक्ट्स को शामिल किया गया है।
‘रामायण’ बनी दर्शकों की पहली पसंद
IMDb की रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल करने वाली फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस भव्य फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और अभिनेता यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे। वहीं सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण का किरदार निभाते दिखाई देंगे। बड़े पैमाने पर तैयार की जा रही यह फिल्म दिवाली 2026 पर सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
दूसरे नंबर पर ‘अल्फा’, स्पाई थ्रिलर को लेकर जबरदस्त क्रेज
सूची में दूसरे स्थान पर आलिया भट्ट और शरवरी वाघ स्टारर स्पाई थ्रिलर फिल्म ‘अल्फा’ ने जगह बनाई है। एक्शन और महिला-केंद्रित कहानी पर आधारित इस फिल्म में बॉबी देओल और अनिल कपूर भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म की घोषणा के बाद से ही इसे लेकर दर्शकों के बीच खासा उत्साह बना हुआ है।
यश की ‘टॉक्सिक’ ने भी बनाई मजबूत जगह
IMDb की सूची में तीसरे स्थान पर अभिनेता यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ शामिल है। गीतू मोहनदास के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में नयनतारा, कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी और तारा सुतारिया भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगी। अलग विषयवस्तु और भव्य निर्माण के चलते यह फिल्म भी चर्चा के केंद्र में बनी हुई है।
‘किंग’ के साथ शाहरुख खान की वापसी का इंतजार
चौथे स्थान पर शाहरुख खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘किंग’ ने जगह बनाई है। सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में दीपिका पादुकोण और सुहाना खान भी प्रमुख भूमिकाओं में दिखाई देंगी। बड़े स्टारकास्ट और हाई-वोल्टेज एक्शन के कारण फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता लगातार बढ़ रही है।
‘धमाल 4’ और ‘मिर्जापुर द मूवी’ भी चर्चा में
लोकप्रिय कॉमेडी फ्रेंचाइज़ी ‘धमाल 4’ IMDb की सूची में पांचवें स्थान पर रही है। अजय देवगन, अरशद वारसी, रितेश देशमुख और जावेद जाफरी जैसे सितारों से सजी यह फिल्म एक बार फिर दर्शकों को हंसी का डोज देने की तैयारी में है।
वहीं ओटीटी पर सुपरहिट रही ‘मिर्जापुर’ अब फिल्म के रूप में बड़े पर्दे पर दस्तक देने जा रही है। ‘मिर्जापुर द मूवी’ को भी सूची में प्रमुख स्थान मिला है। इसके अलावा श्रद्धा कपूर की फिल्म ‘इथा’ भी दर्शकों की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल रही।
2026 का दूसरा हाफ बॉक्स ऑफिस पर ला सकता है बड़ा मुकाबला
फिल्म कारोबार से जुड़े जानकारों का मानना है कि 2026 का दूसरा भाग भारतीय सिनेमा के लिए बेहद महत्वपूर्ण रहने वाला है। पौराणिक, एक्शन, स्पाई थ्रिलर, कॉमेडी और ड्रामा जैसी अलग-अलग शैलियों की बड़ी फिल्मों के रिलीज होने से बॉक्स ऑफिस पर कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल सकती है। IMDb की ताजा सूची ने यह साफ कर दिया है कि आने वाले महीनों में दर्शकों को मनोरंजन के कई बड़े विकल्प मिलने वाले हैं।





