उत्तर प्रदेश नगर निगम अधिकारी/कर्मचारी महिला संगठन की पांचवी बैठक में हुई कार्यकारिणी की घोषणा

उत्तर प्रदेश नगर निगम अधिकारी/कर्मचारी महिला संगठन के बैनर तले आज नगर निगम मुख्यालय अंतर्गत एक वृहद बैठक आहूत की गई।जैसा कि संगठन की चौथी बैठक में कहा गया था कि अगली और पांचवी बैठक में कार्यकारिणी की घोषणा की जाएगी, उसके क्रम में आज हुई पांचवीं विशेष बैठक में संगठन के पदाधिकारियों के नामों की घोषणा कर उनको बधाइयां दी गईं।इसके अतिरक्त जात पात के भेदभाव से परे बैठक में शामिल हुई सैकड़ों महिला कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने एक संग बैठ कर जलपान भी ग्रहण किया।
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी श्रीमती अम्बी बिष्ट की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई इस बैठक में तमाम अहम मुद्दों पर चर्चा की गई।सर्वप्रथम बैठक में संगठन को गति प्रदान करने एवं महिलाओं के हितार्थ कार्य किये जाने पर चर्चा की गई।जिसके बाद संगठन की कार्यकारणी की घोषणा की गई।जिसमें श्रीमती अम्बी बिष्ट को अध्यक्ष, सुश्री शिल्पा कुमारी एवं श्रीमती कल्पना तिवारी को उपाध्यक्ष, सुश्री अंदलिब जेहरा को महामंत्री, श्रीमती संचिता मिश्रा को संगठन मंत्री, कोषाध्यक्ष श्रीमती पल्लवी अस्थाना एवं प्रचार मंत्री सुश्री इंसिया रज़ा व श्रीमती संचिता मिश्रा को बनाया गया।
इसके अतिरिक्त बैठक में आई महिला कर्मचारियों एवं अधिकारियों द्वारा समाज मे व्याप्त जात पात की कुरीतियों को दूर करने एवं लोगों को इस ओर जागरूक करने के उद्देश्य से एक साथ बैठ कर भोजन भी किया गया।खास बात ये रही कि ये भोजन सभी महिलाएं अपने स्वयं के घरों से बना कर लायी थीं, जिसे यहां सभी महिलाओं ने एक दूसरे के साथ बांट कर ग्रहण किया और एक सकारात्मक संदेश का प्रसार किया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए अध्यक्ष श्रीमती अम्बी बिष्ट ने कहा कि इस संगठन का उद्देश्य महिला कर्मचारियों/अधिकारियों का उत्थान करना है।इस लिए संगठन से जुड़ी प्रत्येक महिला चाहे वो कर्मचारी हो या अधिकारी सभी एक समान है।उन्होंने कहा कि यहां कोई भी छोटा या बड़ा नहीं बल्कि सभी बराबर के हैं और किसी मे कोई भेदभाव नहीं किया जाएगा।साथ ही उन्होंने संगठन को गति प्रदान करने व इसके उद्देश्य को बेहतरी के साथ समझाने के लिए “महिला का सम्मान, माँ का सम्मान” स्लोगन भी जारी किया है। इस अवसर पर नगर निगम की तमाम महिला अधिकारी एवं कर्मचारी सैकड़ों की संख्या में उपस्थित रहीं।