अमेरिका में हवाई संकट बरकरार, 2,300 उड़ानें रद्द और 7,700 में देरी; सोमवार तक हालात सामान्य होने की उम्मीद
विमानन डेटा ट्रैकर फ्लाइटअवेयर के अनुसार, रविवार को अमेरिका में करीब 2,300 उड़ानें रद्द हुईं, जबकि 7,700 से अधिक उड़ानों में देरी दर्ज की गई। शनिवार को भी स्थिति गंभीर रही थी। उस दिन 6,400 से ज्यादा उड़ानें रद्द हुई थीं और 8 हजार से अधिक उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ था।
एक कार्यक्रम के दौरान परिवहन सचिव शॉन डफी ने साइबर हमले की आशंका को खारिज किया। उन्होंने कहा कि सोमवार तक स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है। डफी ने यह भी स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा संघीय विमानन प्रशासन (FAA) की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जेटब्लू की सबसे ज्यादा उड़ानें प्रभावित
रविवार को जेटब्लू सबसे अधिक प्रभावित विमानन कंपनियों में शामिल रही। कंपनी की करीब 28 प्रतिशत उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। वहीं, अमेरिकन एयरलाइंस की 17 प्रतिशत उड़ानें रद्द हुईं। यूनाइटेड एयरलाइंस, साउथवेस्ट और डेल्टा की भी 3 से 5 प्रतिशत उड़ानें रद्द करनी पड़ीं।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस संकट के लिए देश के मौजूदा हवाई यातायात नियंत्रण तंत्र की खामियों को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि अमेरिका का एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम करीब 50 साल पुराना है और इसे जल्द से जल्द आधुनिक बनाने की जरूरत है।
ट्रंप ने कहा कि यदि कांग्रेस हवाई यातायात नियंत्रण व्यवस्था के लिए जरूरी धनराशि को मंजूरी दे देती है, तो नई प्रणाली तेजी और प्रभावी तरीके से तैयार की जा सकती है। उन्होंने मौजूदा व्यवस्था को पुराना बताते हुए इसे बदलने की आवश्यकता पर जोर दिया।
राउटर में खराबी के कारण ठप हुआ था हवाई यातायात
शुक्रवार को अमेरिकी संघीय विमानन प्रशासन ने देशभर में ग्राउंड स्टॉप का आदेश जारी किया था। इसके कारण लगभग पांच घंटे तक करीब सभी उड़ानों का संचालन रोकना पड़ा। 11 सितंबर 2001 के आतंकी हमलों के बाद यह हवाई यात्रा बाधित होने की सबसे लंबी घटनाओं में से एक थी।
अमेरिकी परिवहन सचिव शॉन डफी ने शुक्रवार को बताया था कि हवाई यातायात नियंत्रण प्रणाली का हार्डवेयर काफी पुराना है और इसी में तकनीकी खराबी आई थी। उन्होंने कहा था कि राष्ट्रपति पिछले एक साल से कांग्रेस से नई एयर ट्रैफिक कंट्रोल प्रणाली के लिए पूरा बजट मंजूर करने की मांग कर रहे हैं।
डफी ने यह भी साफ किया था कि उड़ानों का संचालन प्रभावित होने के पीछे साइबर हमला नहीं था। अब विमानन कंपनियां उड़ान कार्यक्रम को सामान्य करने में जुटी हैं और यात्रियों को सोमवार तक राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।






