ईरान में आर्थिक बदहाली की हद! कर्ज चुकाने के लिए किडनी से लेकर आंखों की कॉर्निया तक बेच रहे लोग, ऑनलाइन लग रही बोली
रिपोर्ट के मुताबिक, आर्थिक तंगी से जूझ रहे कई लोग अपने परिवार का भविष्य सुरक्षित करने के लिए शरीर के जरूरी अंग बेचने तक का प्रस्ताव दे रहे हैं। यह संकट ऐसे समय में बढ़ा है, जब मध्य पूर्व में सैन्य तनाव, अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी और कड़े प्रतिबंधों ने ईरान की अर्थव्यवस्था पर दबाव बढ़ा दिया है। अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने भी चेतावनी दी है कि ईरान पर आर्थिक दबाव लंबे समय तक जारी रह सकता है और आने वाले महीनों में हालात और खराब हो सकते हैं।
जांच के दौरान मई के अंत से अक्टूबर के अंत तक एक टेलीग्राम चैनल पर पोस्ट किए गए 600 से अधिक विज्ञापनों का विश्लेषण किया गया। इसमें सामने आया कि करीब हर तीन में से एक विज्ञापन में एक से ज्यादा अंग या ऊतक बेचने की पेशकश की गई थी।
आंकड़ों के मुताबिक, 498 विज्ञापनों में किडनी बेचने की बात कही गई, जबकि 279 लोगों ने बोन मैरो बेचने का प्रस्ताव रखा। लिवर बेचने से जुड़े 51 विज्ञापन सामने आए। इसके अलावा 15 विज्ञापनों में अंडकोष और दो में आंखों की कॉर्निया बेचने की पेशकश की गई।
पड़ताल में यह भी सामने आया कि 142 लोगों ने किडनी और बोन मैरो दोनों बेचने की बात कही, जबकि 26 लोगों ने किडनी, बोन मैरो और लिवर तीनों बेचने का विज्ञापन दिया। हैरानी की बात यह है कि कुछ लोगों को इस बात की मेडिकल जानकारी तक नहीं है कि जिन अंगों को बेचने की पेशकश वे कर रहे हैं, उनका प्रत्यारोपण संभव भी है या नहीं। कई अंग बेचने का विज्ञापन देने वाले एक व्यक्ति ने कहा कि वह इनके बिना भी जिंदा रह सकता है।
इन विज्ञापनों के पीछे लोगों की मजबूरी की कहानियां भी सामने आई हैं। एक पिता ने बताया कि वह अपनी छोटी बेटी का भविष्य सुरक्षित करने के लिए अपना कोई भी जरूरी अंग देने को तैयार है। वहीं, कपड़ों का कारोबार करने वाले एक पूर्व व्यापारी ने बताया कि दिवालिया होने के बाद उस पर भारी कर्ज चढ़ गया है। चेक बाउंस होने के मामले भी दर्ज हो चुके हैं। अब उसे उम्मीद है कि शरीर का कोई हिस्सा बेचकर कम से कम कुछ कर्ज चुकाया जा सकेगा।
दो बेटियों की अकेले परवरिश कर रही एक महिला ने भी घर का रोजमर्रा का खर्च पूरा करने के लिए खरीदार तलाशने की बात कही। इसके अलावा कई ऐसे लोग भी हैं, जो लंबे समय से किराए के मकान में रहने और बुनियादी जरूरतें पूरी करने के आर्थिक बोझ से परेशान हैं।
ईरान की आर्थिक स्थिति पर अंतरराष्ट्रीय दबाव भी लगातार बढ़ रहा है। वॉशिंगटन महीनों के सैन्य संघर्ष के बाद तेहरान पर लंबे समय तक आर्थिक दबाव बनाए रखने की रणनीति पर काम कर रहा है। पेरिस में G7 देशों के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत के दौरान अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने संकेत दिया कि समुद्री नाकेबंदी, प्रतिबंध और जमीनी व्यापार पर रोक बिना किसी निश्चित समयसीमा के जारी रह सकते हैं।
तेहरान के अर्थशास्त्री आइजैक सईदियन ने चेतावनी दी है कि अगर आर्थिक घेराबंदी के कारण ईरान की तेल से होने वाली कमाई लगभग शून्य हो गई, तो सरकार के सामने गंभीर संकट खड़ा हो सकता है। ऐसी स्थिति में विदेशी मुद्रा की कमी के साथ सरकारी कर्मचारियों को वेतन और पेंशन देने, जरूरी सामान की आपूर्ति बनाए रखने और महंगाई पर नियंत्रण करने में भी मुश्किलें आ सकती हैं।
हालांकि, राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान की सरकार ने अर्थव्यवस्था पूरी तरह चरमराने की आशंकाओं को खारिज किया है। सरकार का कहना है कि देश लंबे समय तक प्रतिबंधों का सामना करने के लिए तैयार है।
इस बीच, मध्य पूर्व में सैन्य तनाव भी लगातार बना हुआ है। ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) ने बहरीन में अमेरिकी एयर डिफेंस रडार ठिकाने पर ड्रोन हमले की जिम्मेदारी ली है। वहीं, ईरानी बलों ने होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास समुद्री बारूदी सुरंगों से टकराने के बाद तेल टैंकरों में आग लगने की घटनाओं की भी जानकारी दी है।






