EMRS NEET: एकलव्य स्कूलों के 436 आदिवासी छात्रों ने NEET UG 2026 किया पास, पिछले साल से 26.7% बढ़ी संख्या

EMRS_NEET_UG_2026_Results_1788750795253_72cb8202-b867-4d65-b742-aa813cb80c9e_1788750795393_43d40580-2bb1-46ca-aed1-6a7c2263a0d9_0952f2dd-f07e-4d58-801c-4717f836c3fc_5ba33f04-b162-4b2d-95e1-e44fcb13ce95

नई दिल्ली: एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों (EMRS) के 436 जनजातीय छात्रों ने NEET UG 2026 परीक्षा पास कर नया रिकॉर्ड बनाया है। नेशनल एजुकेशन सोसाइटी फॉर ट्राइबल स्टूडेंट्स (NESTS) के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, पिछले साल 344 छात्रों ने यह परीक्षा पास की थी। इस बार सफल छात्रों की संख्या बढ़कर 436 हो गई है, यानी एक साल में 26.7 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

यह उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि कुछ साल पहले तक EMRS के छात्रों की NEET में सफलता का आंकड़ा बेहद कम था। वर्ष 2023 में EMRS का एक भी छात्र NEET पास नहीं कर पाया था। इसके बाद 2024 में सिर्फ 6 छात्रों को सफलता मिली। अब 2026 में यह संख्या 436 तक पहुंच गई है।

27 छात्रों का मेडिकल कॉलेज में दाखिला पक्का

NEET UG 2026 की काउंसलिंग प्रक्रिया अभी जारी है। इसके बीच अब तक कम से कम 27 सफल उम्मीदवार मेडिकल कॉलेजों में अपनी सीट पक्की कर चुके हैं। अलग-अलग राज्यों से बड़ी संख्या में छात्रों ने सफलता हासिल की है।

गुजरात से सबसे ज्यादा 117 छात्रों ने NEET UG 2026 पास किया है। इसके बाद छत्तीसगढ़ के 90, मध्य प्रदेश के 66, ओडिशा के 36 और तेलंगाना के 32 छात्र सफल हुए हैं। आंकड़ों से साफ है कि EMRS छात्रों की यह उपलब्धि किसी एक राज्य तक सीमित नहीं है।

किसान के बेटे को अखबार की खबर से मिली डॉक्टर बनने की प्रेरणा

छत्तीसगढ़ के EMRS कोसामबुडा के छात्र नोकेश्वर राम की कहानी भी खास है। विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (PVTG) के कमर समुदाय से आने वाले नोकेश्वर के पिता किसान हैं। उन्होंने बताया कि एक दोस्त ने उन्हें बिलासपुर की चार साल की बच्ची की दुर्घटना से जुड़ी अखबार की खबर दिखाई थी। खबर में बताया गया था कि एक सर्जन ने बच्ची की जान बचाई। इसी घटना से प्रेरित होकर नोकेश्वर ने डॉक्टर बनने का लक्ष्य तय किया। अब उन्हें गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज, महासमुंद में सीट मिल गई है।

नम्रता ने छुट्टियों में भी जारी रखी तैयारी

EMRS कोसामबुडा की ही छात्रा नम्रता भी कमर समुदाय से आती हैं। उन्हें पंडित जे.एन.एम. मेडिकल कॉलेज, रायपुर में दाखिला मिला है। कक्षा 10वीं के बाद गर्मी की छुट्टियों में जब दूसरे छात्र घर जाते थे, तब नम्रता ने छात्रावास में रहकर NEET की तैयारी जारी रखी। उन्होंने देर रात तक पढ़ाई कर अपने लक्ष्य की ओर कदम बढ़ाया।

ओडिशा के विजय ने AIIMS रायपुर में बनाई जगह

EMRS बंगरीपोसी, ओडिशा के छात्र विजय किस्कू ने भी NEET UG 2026 में सफलता हासिल की है। अपनी मेहनत और लगन के दम पर उन्होंने देश के प्रमुख चिकित्सा संस्थानों में शामिल AIIMS रायपुर में मेडिकल की सीट पक्की की है।

531 अंक हासिल कर राठवा भार्गवकुमार बने टॉपर

गुजरात के EMRS वेजलपुर के छात्र राठवा भार्गवकुमार मावसिंग ने 720 में से 531 अंक हासिल किए हैं। उन्होंने EMRS छात्रों के बीच शीर्ष स्थान हासिल किया है।

डिजिटल सुविधाओं से तैयारी को मिल रहा सहारा

एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों में छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए डिजिटल सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। इनमें डिजिटल बोर्ड, कंप्यूटर आधारित मॉक टेस्ट, डिजिटल लाइब्रेरी और ऑनलाइन कोचिंग शामिल हैं। NESTS की ओर से JEE और NEET की तैयारी के लिए सेंटर्स ऑफ एक्सीलेंस भी विकसित किए जा रहे हैं।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र