कक्षा 9 से ही IIT में पढ़ाई का मौका, डेटा साइंस से एयरोस्पेस तक 17 कोर्स; जानें आवेदन का पूरा तरीका

iit_madras_front_1785068486078_1

चेन्नई: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मद्रास ने स्कूली छात्रों के लिए ‘स्कूल कनेक्ट प्रोग्राम’ शुरू किया है। इसके तहत कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्र आईआईटी मद्रास से भविष्य में मांग वाले कई क्षेत्रों के बारे में पढ़ और सीख सकेंगे। कार्यक्रम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा साइंस, साइबर सिक्योरिटी, इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम और केमिकल इंजीनियरिंग समेत 17 अलग-अलग क्षेत्रों को शामिल किया गया है। खास बात यह है कि पहली बार कक्षा 9 के छात्र भी इस पहल का हिस्सा बन सकेंगे। इससे विद्यार्थियों को कम उम्र में अपनी रुचि, क्षमता और संभावित करियर क्षेत्र को समझने का अवसर मिलेगा।

आईआईटी में पढ़ाई का सपना देखने वाले विद्यार्थियों को आमतौर पर जेईई मेन और जेईई एडवांस जैसी परीक्षाओं से गुजरना पड़ता है। हालांकि, स्कूल कनेक्ट प्रोग्राम के जरिए कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों को आईआईटी मद्रास के विशेषज्ञों से सीखने का अवसर मिलेगा। आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

20 सितंबर तक कर सकते हैं आवेदन

अक्टूबर 2026 बैच के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और छात्र 20 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं। आईआईटी मद्रास के अनुसार, कार्यक्रम की शुरुआत 5 अक्टूबर 2026 से होगी। संस्थान का कहना है कि अब तक 4,900 से अधिक स्कूलों और 1.75 लाख से ज्यादा विद्यार्थियों को इस पहल से जोड़ा जा चुका है। इसका उद्देश्य स्कूली छात्रों को उच्च शिक्षा और भविष्य के करियर विकल्पों से परिचित कराना है।

क्या है स्कूल कनेक्ट प्रोग्राम

आईआईटी मद्रास के स्कूल कनेक्ट प्रोग्राम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और उससे जुड़े करियर विकल्पों की जानकारी देना है। इसके जरिए छात्रों को नियमित स्कूली पढ़ाई से अलग कई नए विषयों को करीब से समझने का मौका मिलता है। इससे वे अपनी रुचि और क्षमता के आधार पर आगे की पढ़ाई और करियर को लेकर बेहतर निर्णय ले सकते हैं।

17 भविष्यपरक क्षेत्रों की मिलेगी जानकारी

कार्यक्रम के तहत छात्रों को 17 ऐसे क्षेत्रों के बारे में जानने का अवसर मिलेगा, जिनकी भविष्य में मांग बढ़ने की संभावना है। इनमें डेटा साइंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, एयरोस्पेस, साइबर सिक्योरिटी, इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम, केमिकल इंजीनियरिंग, मॉलिक्यूलर इंजीनियरिंग, आर्किटेक्चर और डिजाइन, प्रोडक्ट डिजाइन, लॉ, इकोनॉमिक्स और फाइनेंस, ह्यूमैनिटीज, इकोलॉजी, डिजिटल ह्यूमैनिटीज, गेम टेक्नोलॉजी, मैथमेटिक्स और कंप्यूटिंग तथा इंजीनियरिंग बायोलॉजिकल सिस्टम शामिल हैं।

इससे छात्रों को स्कूल स्तर पर ही अलग-अलग क्षेत्रों की जानकारी मिल सकेगी और वे यह समझ पाएंगे कि आगे की पढ़ाई या करियर के लिए कौन सा क्षेत्र उनके लिए उपयुक्त हो सकता है।

8 सप्ताह चलेगा ऑनलाइन कार्यक्रम

स्कूल कनेक्ट प्रोग्राम की अवधि 8 सप्ताह होगी और इसका आयोजन ऑनलाइन किया जाएगा। विद्यार्थियों को आईआईटी मद्रास के फैकल्टी के अलावा अन्य प्रमुख संस्थानों के विशेषज्ञों से भी सीखने का मौका मिलेगा। कार्यक्रम में केवल व्याख्यान ही नहीं होंगे, बल्कि लाइव सत्र, असाइनमेंट और आकलन भी शामिल किए जाएंगे। इससे छात्र विषयों को समझने के साथ अपनी सीख का मूल्यांकन भी कर सकेंगे।

कार्यक्रम पूरा करने पर मिलेगा ई-सर्टिफिकेट

आईआईटी मद्रास के अनुसार, कार्यक्रम को सफलतापूर्वक पूरा करने वाले विद्यार्थियों को संस्थान की ओर से आधिकारिक ई-सर्टिफिकेट दिया जाएगा।

आवेदन से पहले स्कूल का नाम जांचना जरूरी

इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए छात्रों को आईआईटी मद्रास के स्कूल कनेक्ट प्रोग्राम के आधिकारिक पोर्टल पर आवेदन करना होगा। आवेदन करने से पहले यह देखना जरूरी है कि संबंधित स्कूल कार्यक्रम का भागीदार है या नहीं।

इसके लिए छात्र स्कूल कनेक्टर पोर्टल पर जाकर स्कूल पार्टनर की सूची में अपने स्कूल का नाम देख सकते हैं। अगर सूची में स्कूल का नाम नहीं है तो छात्र अपने शिक्षक या प्रधानाचार्य से संपर्क कर स्कूल को कार्यक्रम के भागीदार के रूप में पंजीकृत कराने के लिए कह सकते हैं।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र