लखनऊ में ट्रेन के इंजन पर चढ़कर प्रदर्शन करना पल्लवी पटेल को पड़ा भारी, विधायक समेत कई लोगों पर दर्ज हुई एफआईआर

pallvi_1734318137196_1778390327039

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सिराथू से विधायक डॉ. पल्लवी पटेल के खिलाफ रेलवे अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि उन्होंने यूजीसी रेगुलेशन एक्ट-2026 को लागू करने की मांग को लेकर चारबाग रेलवे स्टेशन पर समर्थकों के साथ प्रदर्शन किया और निरीक्षण यान के इंजन पर चढ़कर नारेबाजी की। इस दौरान रेलवे संचालन भी प्रभावित हुआ।

चारबाग स्टेशन पर पहुंचा प्रदर्शन

जानकारी के मुताबिक, डॉ. पल्लवी पटेल अपनी पार्टी अपना दल कमेरावादी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ विधानसभा घेराव करने लखनऊ पहुंची थीं। अलग-अलग जिलों से आए कार्यकर्ता शनिवार दोपहर चारबाग रेलवे स्टेशन पर एकत्र हुए थे।

स्टेशन से विधानसभा की ओर बढ़ने के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की। इसके बाद स्टेशन के बाहर ही नारेबाजी और प्रदर्शन शुरू हो गया।

इंजन पर चढ़कर की नारेबाजी

इसी बीच डॉ. पल्लवी पटेल अचानक स्टेशन परिसर के अंदर पहुंच गईं। उनके पीछे बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी प्लेटफार्म नंबर एक तक पहुंच गए। वहां मौजूद निरीक्षण यान को रोककर पल्लवी पटेल इंजन पर चढ़ गईं और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगीं।

इस दौरान कुछ कार्यकर्ता इंजन के सामने रेलवे ट्रैक पर खड़े हो गए, जबकि कुछ ट्रैक पर लेट गए। इससे कुछ देर के लिए रेल संचालन प्रभावित हो गया और स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ, जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने पल्लवी पटेल और प्रदर्शनकारियों को इंजन और ट्रैक से हटाया।

प्रदर्शन के बाद पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को एहतियातन हिरासत में लिया। उन्हें बसों के जरिए इको गार्डन ले जाया गया। बाद में सभी को छोड़ दिया गया।

रेलवे अधिनियम की कई धाराओं में केस दर्ज

आरपीएफ थाना चारबाग प्रभारी भूपेंद्र सिंह के मुताबिक, डॉ. पल्लवी पटेल और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ रेलवे अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों पर बिना अनुमति रेलवे परिसर में प्रवेश करने, प्लेटफार्म पर अव्यवस्था फैलाने, रेल इंजन पर अनधिकृत रूप से चढ़ने और यात्रियों को परेशानी में डालने जैसी धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस से हुई तीखी नोकझोंक

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब पुलिस ने स्टेशन के अंदर जाने से रोकने की कोशिश की तो पल्लवी पटेल और उनके समर्थकों की पुलिसकर्मियों से तीखी बहस भी हुई। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी पुलिस का घेरा तोड़कर स्टेशन परिसर में दाखिल हो गए।

फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।