हरिद्वार घूमने जा रहे परिवार पर टूटा कहर! सहारनपुर में भीषण सड़क हादसा, एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत

2026_6image_18_22_301293518sonipat-ll

सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। हरियाणा के सोनीपत से हरिद्वार घूमने जा रहा परिवार रास्ते में भीषण दुर्घटना का शिकार हो गया। हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक दुर्घटना देहरादून–पंचकूला हाईवे पर सरसावा थाना क्षेत्र के पास हुई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार वैगनआर कार ने फॉर्च्यूनर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

दादा-दादी, बहू और पोते की गई जान

इस दर्दनाक हादसे में सोनीपत निवासी 75 वर्षीय चरण सिंह, उनकी 70 वर्षीय पत्नी सुदेश, 36 वर्षीय पुत्रवधू प्रीति और 9 वर्षीय पोते शिवांश की मौत हो गई। परिवार हरिद्वार की यात्रा पर निकला था, लेकिन रास्ते में यह हादसा काल बन गया।

तीन लोग गंभीर रूप से घायल

हादसे में परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सक उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

टक्कर के बाद मची चीख-पुकार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा। घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही रामपुर मनिहारान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल की जा रही है।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------