‘मोटी’ कहने पर स्वरा भास्कर ने ऐसे दिया जवाब, तेज प्रताप यादव से बोलीं- मुझे लालू यादव से जरूर मिलवाना
पटना: रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल’ के पहले एपिसोड में बॉलीवुड अभिनेत्री स्वरा भास्कर अपने बेबाक अंदाज को लेकर चर्चा में रहीं। शो के दौरान उन्होंने बॉडी शेमिंग और सोशल मीडिया ट्रोलिंग पर खुलकर बात की। इसी दौरान तेज प्रताप यादव और शहजादा पूनवाला के साथ उनकी मजेदार नोकझोंक भी देखने को मिली।
शो में स्वरा भास्कर ने डिजाइनर साड़ी के साथ ऐसा ब्लाउज पहना था, जिस पर ‘मोटी’ लिखा हुआ था। उनके इस अंदाज ने सभी का ध्यान खींचा। स्वरा ने बताया कि डिलीवरी के बाद उनका वजन काफी बढ़ गया था। इसी वजह से बॉडी शेमिंग और आलोचना करने वालों को जवाब देने के लिए उन्होंने ‘मोटी’ टैगलाइन वाला ब्लाउज पहनने का फैसला किया।
तेज प्रताप ने कहा- ‘मोटी’, स्वरा ने दिया मजेदार जवाब
शो में सभी प्रतिभागी आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान तेज प्रताप यादव की नजर स्वरा के ब्लाउज पर पड़ी। उन्होंने स्वरा की ओर देखकर ‘मोटी’ कहा। इस पर मनीष कश्यप ने तेज प्रताप को टोकते हुए कहा कि वह ऐसा नहीं बोल सकते।
हालांकि, स्वरा भास्कर ने स्थिति को सहज अंदाज में लिया। उन्होंने कहा कि नहीं, सच बोल सकते हैं। इसके बाद तेज प्रताप ने मजाकिया अंदाज में कहा कि फिर सच नहीं बोलना है और हंसने लगे। दोनों के बीच हुई यह बातचीत शो में मौजूद अन्य प्रतिभागियों के बीच भी चर्चा का हिस्सा बनी।
स्वरा ने तेज प्रताप से की लालू यादव से मिलवाने की मांग
स्वरा और तेज प्रताप के बीच बातचीत का सिलसिला आगे भी जारी रहा। इसी दौरान स्वरा ने तेज प्रताप से कहा कि शो में कुछ हो या न हो, लेकिन वह उन्हें लालू यादव से जरूर मिलवाएं। तेज प्रताप ने भी स्वरा को लालू यादव से मिलवाने का वादा किया।
इसके बाद तेज प्रताप अन्य प्रतिभागियों के साथ ‘जय सनातन’ और ‘राधे-राधे’ के नारे लगाते नजर आए। शो में स्वरा और तेज प्रताप की बातचीत की यह क्लिप सोशल मीडिया पर चर्चा में बनी हुई है।
शहजादा पूनवाला से भी हुई तीखी नोकझोंक
‘राइज एंड फॉल’ के पहले एपिसोड में स्वरा भास्कर और शहजादा पूनवाला के बीच भी तीखी नोकझोंक देखने को मिली। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने दोनों के बीच हुई बातचीत के साथ-साथ तेज प्रताप के साथ स्वरा की मस्ती पर भी प्रतिक्रिया दी।
शो के शुरुआती एपिसोड में स्वरा का बेबाक अंदाज और अलग-अलग प्रतिभागियों के साथ उनकी बातचीत दर्शकों का ध्यान खींचती नजर आई।





