भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर बड़ा अपडेट, 90% से ज्यादा बातचीत पूरी; आखिरी मुद्दों पर सहमति का इंतजार
नई दिल्ली: भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते को लेकर बातचीत निर्णायक चरण में पहुंच गई है। अमेरिकी विदेश विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, समझौते से जुड़ा 90 फीसदी से ज्यादा काम पूरा हो चुका है और अब कुछ अंतिम मुद्दों पर सहमति बनाई जानी बाकी है। अधिकारी ने उम्मीद जताई कि डील को लेकर जल्द ही नई जानकारी सामने आ सकती है।
अमेरिकी अधिकारी बोले- आखिरी चीजों पर चल रही बातचीत
जब अधिकारी से पूछा गया कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर हस्ताक्षर कब हो सकते हैं, तो उन्होंने कहा कि इस पर नजर बनाए रखनी चाहिए। उनके मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच 90 फीसदी से ज्यादा काम पूरा हो चुका है और अब कुछ अंतिम चीजों को तय किया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही इस संबंध में कोई जानकारी मिल सकती है।
अधिकारी ने कहा कि यह समझौता भारत और अमेरिका के द्विपक्षीय संबंधों को नए स्तर पर ले जा सकता है। उनके मुताबिक, व्यापार का मुद्दा दशकों से दोनों देशों के रिश्तों में बड़ी बाधा रहा है और प्रस्तावित समझौते से अमेरिका-भारत संबंधों में एक नया आयाम जुड़ सकता है।
पीयूष गोयल ने भी बातचीत लगभग पूरी होने के दिए संकेत
इससे पहले वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भी भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर बातचीत लगभग पूरी होने के संकेत दिए थे। गुरुवार को नई दिल्ली में पब्लिक अफेयर्स फोरम ऑफ इंडिया के एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि भारत ने नौ मुक्त व्यापार समझौतों को अंतिम रूप दे दिया है, जिनमें अमेरिका के साथ समझौता लगभग पूरा हो चुका है।
गोयल ने कहा कि अब भारत को अपने लिए सही लाभ सुनिश्चित करने की जरूरत है, ताकि समझौते को जल्द लागू किया जा सके।
फरवरी में हुआ था पहले चरण के ढांचे का ऐलान
भारत और अमेरिका ने फरवरी में द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण के ढांचे का ऐलान किया था। हालांकि, अमेरिकी टैरिफ में बदलाव के बाद दोनों देशों के बीच आगे बातचीत की जरूरत पड़ी।
पीयूष गोयल के मुताबिक, भारत के व्यापार समझौते वैश्विक जीडीपी के करीब 75 प्रतिशत हिस्से वाले बाजारों तक तरजीही पहुंच उपलब्ध कराएंगे।
अक्टूबर में रुबियो का दौरा, दिसंबर में अमेरिका जाएंगे पीएम मोदी
भारत-अमेरिका संबंधों को लेकर आने वाले महीनों में भी उच्चस्तरीय गतिविधियां जारी रहने वाली हैं। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो अक्टूबर में दौरे पर आने वाले हैं। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिसंबर में फ्लोरिडा में होने वाले G20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए अमेरिका की यात्रा करेंगे।
अमेरिकी अधिकारी ने कहा कि दोनों देशों के संबंधों में इस समय कई स्तरों पर गतिविधियां चल रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि क्वाड देशों के विदेश मंत्री इस साल तीसरी बार बैठक करने वाले हैं।





