सरकारी अस्पतालों में जन्मे बच्चों को मिलेगी 22 कैरेट सोने की अंगूठी, CM विजय कल करेंगे खास योजना की शुरुआत
चेन्नई: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय सोमवार को ‘थाईमामन थंगा मोथिरम थिट्टम’ यानी ‘मामा की ओर से सोने की अंगूठी’ योजना की शुरुआत करेंगे। इस योजना के तहत सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले प्रत्येक पात्र नवजात को 22 कैरेट सोने की एक ग्राम की अंगूठी दी जाएगी। सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री मदुरै के सरकारी राजाजी अस्पताल में इस योजना का शुभारंभ करेंगे।
विजय विशेष विमान से मदुरै पहुंचेंगे और सरकारी राजाजी अस्पताल के सभागार में कार्यक्रम के दौरान योजना की शुरुआत करेंगे। इस मौके पर वह 25 नवजात शिशुओं को सोने की अंगूठियां भी प्रदान करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री प्रसूति वार्ड का दौरा करेंगे और उसी दिन जन्म लेने वाले बच्चों को व्यक्तिगत रूप से अंगूठियां देंगे।
योजना का लाभ लेने के लिए जरूरी होगी यह पात्रता
इस योजना का लाभ सरकारी अस्पताल में जन्म लेने वाले पात्र नवजात शिशुओं को मिलेगा। इसके लिए नवजात की मां का तमिलनाडु की स्थायी निवासी होना अनिवार्य है। पात्रता पूरी करने वाले प्रत्येक बच्चे को 22 कैरेट सोने की एक ग्राम की अंगूठी प्रदान की जाएगी।
पहले चरण में तैयार की गईं 1.28 लाख अंगूठियां
राज्य सरकार ने ‘मामा की ओर से सोने की अंगूठी’ योजना के लिए सालाना 755.83 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। योजना के पहले चरण के तहत 1.28 लाख सोने की अंगूठियां तैयार की गई हैं।
15 सितंबर को होना था योजना का शुभारंभ
यह योजना मूल रूप से दिवंगत मुख्यमंत्री सी. एन. अन्नादुरै की जयंती के अवसर पर 15 सितंबर को शुरू की जानी थी। हालांकि, मुख्यमंत्री विजय की लंदन यात्रा के कारण योजना का शुभारंभ टाल दिया गया था। अब सोमवार को मदुरै के सरकारी राजाजी अस्पताल से इसकी शुरुआत की जाएगी।





