सोने की कीमतों में भारी गिरावट, 13 महीने के निचले स्तर पर पहुंचा भाव; ये हैं गिरावट की 3 बड़ी वजहें
अंतरराष्ट्रीय बाजार में गिरावट का असर भारतीय बाजार में भी देखने को मिला। एमसीएक्स पर गुरुवार रात सोना करीब 1.36 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, चांदी का भाव 1,78,848 रुपये प्रति किलोग्राम रहा। सर्राफा बाजार में गुरुवार को सोने की कीमत करीब 3,000 रुपये गिरकर 1,37,692 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गई। चांदी भी 4,860 रुपये सस्ती होकर 1,81,040 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई।
सोने की कीमतों में गिरावट की 3 बड़ी वजहें
1. अमेरिका में महंगाई के उम्मीद से ज्यादा आंकड़े
सोने की कीमतों में गिरावट की एक प्रमुख वजह अमेरिका में महंगाई के अनुमान से अधिक आंकड़े सामने आना है। इससे निवेशकों को आशंका है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व महंगाई पर काबू पाने के लिए ब्याज दरों में और बढ़ोतरी कर सकता है। इसका असर अमेरिकी सरकारी बॉन्ड की यील्ड पर भी पड़ा है। गुरुवार को कुछ अमेरिकी ट्रेजरी बॉन्ड की यील्ड में 12 बेसिस पॉइंट से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई।
2. फेडरल रिजर्व के ब्याज दरें बढ़ाने की आशंका
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी फेडरल रिजर्व के अधिकारियों के हालिया बयानों से भी ब्याज दरों में बढ़ोतरी की संभावना मजबूत हुई है। शिकागो फेड के चेयरमैन ऑस्टन गूल्सबी ने कहा है कि अर्थव्यवस्था में जरूरत से ज्यादा तेजी आने से पहले महंगाई को नियंत्रित करना जरूरी है। वहीं, सैन फ्रांसिस्को फेड की अध्यक्ष मैरी डेली ने भी संकेत दिया है कि महंगाई पर काबू पाने के लिए ब्याज दरें और बढ़ानी पड़ सकती हैं।
बाजार में अनुमान लगाया जा रहा है कि अगले महीने होने वाली फेडरल रिजर्व की बैठक में ब्याज दरों में 0.25 प्रतिशत की बढ़ोतरी हो सकती है। कुछ निवेशक 0.50 प्रतिशत तक की वृद्धि की आशंका भी जता रहे हैं। इसके अलावा दिसंबर के बाद भी ब्याज दरें बढ़ाए जाने की संभावना बनी हुई है।
दरअसल, ब्याज दरें बढ़ने पर सोने में निवेश का आकर्षण कम हो सकता है, क्योंकि सोने से नियमित ब्याज नहीं मिलता। इसके उलट सरकारी बॉन्ड जैसे विकल्पों पर बेहतर रिटर्न मिलने की संभावना रहती है। ऐसे में निवेशक सोने से पैसा निकालकर दूसरे निवेश माध्यमों में लगा सकते हैं।
3. ईरान के साथ तनाव से कच्चे तेल में तेजी
सोने की कीमतों पर दबाव की तीसरी बड़ी वजह अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ता तनाव है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिए हैं कि अमेरिका को ईरान के साथ समझौते की जरूरत नहीं है और सैन्य कार्रवाई का विकल्प भी खुला है। इस बयान के बाद ब्रेंट क्रूड का भाव बढ़कर करीब 96 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया।
कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से दुनियाभर में महंगाई बढ़ने की आशंका पैदा हो गई है। इससे केंद्रीय बैंकों पर ब्याज दरें ऊंची बनाए रखने का दबाव बढ़ सकता है। इसी आशंका के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों पर दबाव बना हुआ है।
शुक्रवार को सोने-चांदी के भाव में मामूली सुधार
लगातार गिरावट के बाद शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में हल्की रिकवरी देखने को मिली। स्पॉट गोल्ड 0.1 प्रतिशत की बढ़त के साथ 3,881.02 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। वहीं, चांदी का भाव भी 0.2 प्रतिशत बढ़कर 50.11 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता नजर आया।






