मणिपुर में फिर मिला हथियारों का बड़ा जखीरा, 10 फुट लंबा और 80 किलो का रॉकेट बरामद; चीन के मोर्टार और IED भी मिले
चूड़ाचांदपुर में रॉकेट, मोर्टार और छह IED मिले
पुलिस के मुताबिक, 11 नवंबर को चूड़ाचांदपुर जिले के कांगवई उपमंडल में पी जेलजांग गांव के आसपास के जंगली इलाके में संयुक्त अभियान चलाया गया। खुफिया जानकारी के आधार पर जिला पुलिस और सेना की टीम ने तलाशी के दौरान हथियारों और गोला-बारूद का बड़ा जखीरा बरामद किया।
इस दौरान चीन में बने 82 एमएम के चार मोर्टार, करीब 10 फुट लंबा और 80 किलोग्राम वजन का एक रॉकेट तथा छह इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) मिले। इसके अलावा चीन में बने पांच हथगोले, एक सीएमजी, एक पिस्तौल और दो एकनाली बंदूकें भी बरामद की गईं।
सुरक्षा बलों को अलग-अलग कैलिबर के 30 मोर्टार बम और 5.6 एमएम के पांच कारतूस भी मिले हैं। बरामद हथियारों और विस्फोटकों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बिष्णुपुर में भी मिला था हथियारों का जखीरा
चूड़ाचांदपुर में बरामदगी से एक दिन पहले 10 नवंबर को बिष्णुपुर जिले में भी सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान चलाकर हथियार और विस्फोटक जब्त किए थे। कीफा रोड के आसपास के इलाके में चलाए गए इस अभियान में दो देसी पिस्तौल मैगजीन के साथ, एक देसी एमपी-5 मैगजीन के साथ, एक देसी मोर्टार और एक एसबीबीएल बंदूक बरामद हुई थी।
इसके अलावा तीन हैंड ग्रेनेड, एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) और एक हाई एक्सप्लोसिव (HE) बम भी मिला था। इस अभियान में बिष्णुपुर कमांडो टीम (CDO), मोइरांग पुलिस स्टेशन की पुलिस और भारतीय सेना के जवान शामिल थे।
लगातार बरामद हो रहे हथियार, सुरक्षा बलों का अभियान जारी
दो दिनों के भीतर बिष्णुपुर और चूड़ाचांदपुर जिलों में हुई इन बरामदगियों से मणिपुर में हथियारों और विस्फोटकों की मौजूदगी को लेकर सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ी है। दोनों अभियानों में जब्त सामग्री को कब्जे में लेकर आगे की जांच और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।






