PM मोदी 16 नवंबर से फिलीपींस दौरे पर, 3 दिन में होंगे दो बड़े शिखर सम्मेलन; समुद्री सुरक्षा और व्यापार पर रहेगा जोर

00000-9

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 नवंबर से फिलीपींस की राजधानी मनीला के तीन दिवसीय दौरे पर जाएंगे। 16 से 18 नवंबर तक चलने वाली इस यात्रा के दौरान वह 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन की 21वीं बैठक में हिस्सा लेंगे। इस दौरे में भारत का मुख्य जोर समुद्री सुरक्षा सहयोग बढ़ाने, व्यापारिक रिश्तों को मजबूत करने और निवेश के नए अवसर तलाशने पर रहेगा। फिलीपींस इस समय 11 देशों के संगठन आसियान की अध्यक्षता कर रहा है और इन महत्वपूर्ण बैठकों की मेजबानी भी कर रहा है।

फिलीपींस के राष्ट्रपति के डिनर में होंगे शामिल, कई देशों से करेंगे बातचीत

विदेश मंत्रालय में सचिव (पूर्व) रुद्रेंद्र टंडन ने मीडिया को प्रधानमंत्री के दौरे की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी 16 से 18 नवंबर तक मनीला में रहेंगे। इस दौरान वह आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और आसियान के नेतृत्व में होने वाले पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे।

दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर की ओर से आमंत्रित नेताओं के सम्मान में आयोजित रात्रिभोज में भी शामिल होंगे। इसके अलावा कई देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी प्रस्तावित हैं। दोनों प्रमुख शिखर सम्मेलन 17 नवंबर को आयोजित किए जाएंगे।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, फिलीपींस में रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों में भी प्रधानमंत्री से मुलाकात को लेकर काफी उत्साह है। उनके व्यस्त कार्यक्रम में भारतीय समुदाय से मुलाकात के लिए समय निकालने का प्रयास किया जा रहा है। इस साल आसियान सम्मेलन की थीम ‘नेविगेटिंग द फ्यूचर’ रखी गई है।

इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में समुद्री सहयोग बढ़ाने की तैयारी

मनीला में होने वाली बैठकों के दौरान भारत इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में समान विचारधारा वाले देशों के बीच समुद्री सहयोग को मजबूत करने पर जोर देगा। विदेश मंत्रालय के सचिव रुद्रेंद्र टंडन के मुताबिक, भारत और आसियान के बीच मजबूत साझेदारी दोनों पक्षों को तेजी से बदलते भू-राजनीतिक हालात से निपटने में अधिक सक्षम बनाएगी।

आसियान-भारत माल व्यापार समझौते (AITIGA) की समीक्षा को लेकर भी भारत का रुख स्पष्ट है। टंडन ने कहा कि भारत इस समझौते की समीक्षा प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी करना चाहता है। इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच बातचीत जारी है।

क्या मनीला में क्वाड शिखर सम्मेलन में भी शामिल होंगे पीएम मोदी?

प्रधानमंत्री मोदी के फिलीपींस दौरे के दौरान क्वाड शिखर सम्मेलन होने की भी चर्चा है। माना जा रहा है कि इसमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची भी शामिल हो सकते हैं।

हालांकि, विदेश मंत्रालय के सचिव रुद्रेंद्र टंडन ने इस संभावना पर फिलहाल कोई पुष्टि नहीं की। उन्होंने कहा कि अभी सरकार के पास इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है।

गौरतलब है कि भारत ने पिछले साल क्वाड शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने की योजना बनाई थी, लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत दौरे को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होने के कारण यह आयोजन नहीं हो सका था।

म्यांमार को अलग-थलग करने के पक्ष में नहीं भारत

मनीला दौरे से पहले भारत ने म्यांमार को लेकर भी अपना रुख स्पष्ट किया है। विदेश मंत्रालय के सचिव रुद्रेंद्र टंडन ने कहा कि म्यांमार को अलग-थलग करना सही रणनीति नहीं होगी। उनके मुताबिक, अगर भारत और अन्य देश म्यांमार से दूरी बनाते हैं तो कोई दूसरा देश उस खाली जगह को भर सकता है।

उन्होंने म्यांमार के जटिल इतिहास और सामाजिक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए वहां की सरकार के साथ संवाद बनाए रखने की आसियान की कोशिशों का समर्थन किया। भारत का मानना है कि क्षेत्रीय स्थिरता के लिए म्यांमार के साथ बातचीत जारी रखना जरूरी है।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र