कभी गल्फ तो कभी पहाड़ का नाम बदला, अब न्यू मैक्सिको को ‘न्यू अमेरिका’ बनाना चाहते हैं ट्रंप
ट्रंप का दावा है कि नाम बदलने से न्यू मैक्सिको की पहचान और प्रतिष्ठा बढ़ेगी। उन्होंने यह भी कहा कि इससे राज्य में लोगों के घरों की कीमत और उनकी आमदनी में इजाफा हो सकता है। अपने पोस्ट में उन्होंने न्यू मैक्सिको के चुनावों पर भी सवाल उठाए और तंज कसते हुए कहा कि नाम बदलने से शायद वहां के चुनाव भी ईमानदार हो जाएं।
सितंबर में भी उठा चुके हैं नाम बदलने का प्रस्ताव
न्यू मैक्सिको का नाम बदलकर ‘न्यू अमेरिका’ करने का विचार ट्रंप ने पहली बार नहीं रखा है। इससे पहले सितंबर में भी उन्होंने यह मांग उठाई थी। उस समय उन्होंने सोशल मीडिया पर एक नक्शा साझा किया था, जिसमें न्यू मैक्सिको की जगह ‘न्यू अमेरिका’ लिखा हुआ था। उन्होंने एक वीडियो में भी इस नए नाम का इस्तेमाल किया था।
हालांकि, ट्रंप के इस प्रस्ताव को न्यू मैक्सिको की गवर्नर मिशेल लुजान ग्रिशम का समर्थन नहीं मिला। उन्होंने इसका विरोध करते हुए कहा था कि राज्य का नाम उसके ऐतिहासिक महत्व और विरासत से जुड़ा है। ऐसे में नाम बदलने की बहस को उचित नहीं माना जाना चाहिए।
क्या राष्ट्रपति अपने दम पर बदल सकते हैं राज्य का नाम?
अमेरिकी राष्ट्रपति के पास किसी राज्य का आधिकारिक नाम अपनी मर्जी से बदलने का अधिकार नहीं है। न्यू मैक्सिको का नाम बदलने के लिए राज्य में निर्धारित संवैधानिक प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसमें राज्य की विधायिका की मंजूरी और उसके बाद मतदाताओं की सहमति जरूरी होगी।
ट्रंप संघीय सरकारी विभागों को किसी राज्य के लिए नया नाम इस्तेमाल करने का निर्देश दे सकते हैं, लेकिन इससे राज्य का आधिकारिक नाम अपने आप नहीं बदल जाएगा। इसलिए न्यू मैक्सिको को ‘न्यू अमेरिका’ बनाने की उनकी मांग पर अमल के लिए राज्य स्तर पर संवैधानिक प्रक्रिया पूरी करना आवश्यक होगा।
गल्फ ऑफ मेक्सिको से माउंट मैकिनले तक बदल चुके हैं नाम
ट्रंप अपने दूसरे कार्यकाल में कई भौगोलिक स्थानों के नाम बदलने की पहल कर चुके हैं। जनवरी 2025 में उन्होंने गल्फ ऑफ मेक्सिको का नाम बदलकर ‘गल्फ ऑफ अमेरिका’ करने का आदेश दिया था। इसी दौरान अलास्का की प्रमुख चोटी डेनाली का नाम फिर से ‘माउंट मैकिनले’ कर दिया गया।
अगस्त 2026 में उन्होंने लेक ओंटारियो का नाम अमेरिकी सरकारी इस्तेमाल के लिए ‘लेक अमेरिका’ करने का आदेश भी दिया। इसके अलावा ट्रंप अटलांटिक और प्रशांत महासागर के नाम बदलने का विचार भी सामने रख चुके हैं। उन्होंने सुझाव दिया था कि प्रशांत महासागर का नाम ‘ट्रंप ओशन’ या ‘ओशन ऑफ द अमेरिकाज’ किया जा सकता है।
अब न्यू मैक्सिको का नाम बदलने की मांग के साथ ट्रंप की यह पहल एक बार फिर चर्चा में है। हालांकि, इस प्रस्ताव का भविष्य राज्य की संवैधानिक प्रक्रिया और वहां मिलने वाले राजनीतिक समर्थन पर निर्भर करेगा।





