UPSSSC ने जारी किया एक्स-रे टेक्नीशियन भर्ती का फाइनल रिजल्ट, 382 में से 377 अभ्यर्थियों का चयन, 5 पद रहे खाली

Uchha_01-1

लखनऊ: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) ने एक्स-रे टेक्नीशियन (सामान्य चयन) मुख्य परीक्षा-2023 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। आयोग की ओर से जारी सूचना के अनुसार चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के तहत विज्ञापित 382 पदों में से 377 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया गया है। वहीं, दिव्यांग श्रेणी की एचएच उपश्रेणी में पात्र अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होने के कारण पांच पद रिक्त रह गए हैं।

आयोग ने बताया कि अंतिम चयन सूची लिखित परीक्षा में प्राप्त अंकों और अभिलेख परीक्षण के आधार पर तैयार की गई है। इसके साथ ही चयनित अभ्यर्थियों की श्रेणीवार सूची और कट-ऑफ अंक भी जारी कर दिए गए हैं।

जानिए किस श्रेणी में कितने अभ्यर्थियों का हुआ चयन

जारी परिणाम के अनुसार सामान्य वर्ग के 150, अनुसूचित जाति के 79, अनुसूचित जनजाति के 8, अन्य पिछड़ा वर्ग के 102 तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के 38 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। वहीं सामान्य वर्ग का 3, अनुसूचित जाति का 1 और अन्य पिछड़ा वर्ग का 1 पद रिक्त रह गया।

क्षैतिज आरक्षण में भी कई पद नहीं भर सके

आयोग के अनुसार क्षैतिज आरक्षण के तहत स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित श्रेणी में 4, दिव्यांग (एचएच) श्रेणी में 3, अन्य दिव्यांग श्रेणियों में 7 तथा महिला श्रेणी में 76 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए आरक्षित पद पर कोई चयन नहीं हो सका।

आयोग ने स्पष्ट किया कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित श्रेणी के लिए निर्धारित सात पदों के मुकाबले केवल चार पात्र अभ्यर्थी ही उपलब्ध हुए। इसी प्रकार भूतपूर्व सैनिक श्रेणी में भी पात्र अभ्यर्थी नहीं मिलने के कारण संबंधित पदों को शासनादेशों के अनुसार मेरिट के आधार पर अन्य अभ्यर्थियों से भर दिया गया।

दिव्यांग श्रेणी के 5 पद खाली, कट-ऑफ भी जारी

दिव्यांग (एचएच) श्रेणी के लिए विज्ञापित आठ पदों के मुकाबले केवल तीन पात्र अभ्यर्थी मिलने के कारण पांच पद रिक्त रखे गए हैं। आयोग ने बताया कि यह प्रक्रिया शासनादेशों के अनुरूप पूरी की गई है।

अंतिम परिणाम के साथ आयोग ने श्रेणीवार कट-ऑफ अंक भी जारी किए हैं। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम, चयन सूची और कट-ऑफ अंक देख सकते हैं।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र