झांसी में दर्दनाक सड़क हादसा: माफिया अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान की मौत, बड़े भाई से मिलने जा रहा था
झांसी: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में माफिया अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान की मौत हो गई। हादसे में उसके दोस्त सोनू ने भी जान गंवा दी, जबकि कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
बताया जा रहा है कि अबान अपने बड़े भाई से मिलने झांसी जेल जा रहा था। इसी दौरान पूंछ थाना क्षेत्र में हादसा हो गया।
डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार कार
यह हादसा झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र में खिल्ली गांव के पास कानपुर-झांसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर देर रात हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार क्रेटा कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान अबान और उसके दोस्त सोनू के रूप में हुई है। वहीं तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाया। दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य करा दिया गया।





