देवउठनी एकादशी पर प्रयागराज में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, यमुना घाटों पर सुबह से लगी आस्था की डुबकी

prayagraj-768x506

प्रयागराज: संगम नगरी प्रयागराज में शुक्रवार, 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी का पर्व श्रद्धा और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर सुबह से ही यमुना नदी के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी। बड़ी संख्या में महिलाओं ने यमुना में आस्था की डुबकी लगाई और भगवान विष्णु तथा माता तुलसी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी पर ब्रह्म मुहूर्त से ही श्रद्धालुओं के घाटों पर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। लोगों ने पवित्र स्नान के बाद सूर्य देव को अर्घ्य दिया। इसके बाद घाटों और मंदिरों में दीपदान किया गया। पूजा-पाठ और भजन-कीर्तन से यमुना तट पर पूरे दिन धार्मिक माहौल बना रहा।

चातुर्मास समाप्त, मांगलिक कार्यों की शुरुआत

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, देवउठनी एकादशी को भगवान विष्णु चार महीने के योगनिद्रा काल यानी चातुर्मास के बाद जागृत होते हैं। इसी के साथ विवाह, मुंडन और गृह प्रवेश जैसे मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाती है।

इस अवसर पर प्रयागराज के प्रमुख मंदिरों और घरों में भी विशेष पूजा-अर्चना की गई। कई स्थानों पर तुलसी-शालिग्राम विवाह, भजन और कीर्तन के आयोजन हुए। श्रद्धालुओं ने भगवान विष्णु और माता तुलसी की आराधना कर परिवार में सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र