कांवड़ यात्रा 2026 की सोशल मीडिया पर धूम! सुरक्षा से ट्रैफिक तक योगी सरकार की व्यवस्थाओं की हो रही चर्चा, लाखों पोस्ट वायरल

6A_19

मेरठ: कांवड़ यात्रा 2026 का उत्साह इस बार केवल सड़कों तक सीमित नहीं है, बल्कि सोशल मीडिया पर भी शिवभक्ति का रंग पूरी तरह छाया हुआ है। फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स और यूट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म पर हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौटते कांवड़ियों, भव्य कांवड़ों, सेवा शिविरों और यात्रा से जुड़े वीडियो बड़ी संख्या में साझा किए जा रहे हैं। इसी के साथ उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, चिकित्सा सहायता, साफ-सफाई, पेयजल और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर किए गए इंतजाम भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं।

लाखों लोगों तक पहुंच रही यात्रा की हर अपडेट

कांवड़ यात्रा के दौरान किस मार्ग पर कितनी भीड़ है, कहां ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है, किस सेवा शिविर में कौन-कौन सी सुविधाएं उपलब्ध हैं और किन मार्गों पर विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं, इसकी जानकारी विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से लगातार साझा की जा रही है। पुलिस और प्रशासन के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट भी समय-समय पर एडवाइजरी, सुरक्षा संबंधी सूचना और रूट डायवर्जन की जानकारी जारी कर रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान सुविधा मिल रही है।

फेसबुक और इंस्टाग्राम पर लाखों पोस्ट

11 अगस्त को महाशिवरात्रि पर होने वाले जलाभिषेक से पहले कांवड़ यात्रा से जुड़े वीडियो और रील्स तेजी से वायरल हो रहे हैं। हरकी पैड़ी पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, बारिश और तेज धूप के बीच यात्रा करते शिवभक्तों के दृश्य सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से साझा किए जा रहे हैं। वहीं उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में बनाए गए स्वागत द्वार, चिकित्सा शिविर, सुरक्षा व्यवस्था और साफ-सुथरे कांवड़ मार्गों के वीडियो भी लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं।

आंकड़ों के अनुसार, इंस्टाग्राम पर “कांवड़ यात्रा 2026” से जुड़ी करीब 1.97 लाख पोस्ट साझा की जा चुकी हैं, जबकि फेसबुक पर कांवड़ यात्रा हैशटैग के साथ लगभग 5 लाख 68 हजार पोस्ट दर्ज की गई हैं। भक्ति गीतों और डीजे की धुनों पर तैयार रील्स सबसे अधिक देखी और साझा की जा रही हैं।

अनोखी और आकर्षक कांवड़ बनीं चर्चा का केंद्र

इस बार पारंपरिक कांवड़ों के साथ-साथ अलग-अलग थीम पर तैयार की गई कांवड़ भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। भगवान शिव, महाकाल और हनुमान की विशाल प्रतिमाओं से सजी कांवड़, आकर्षक झांकियां और विशेष डिज़ाइन वाली कांवड़ लोगों का ध्यान खींच रही हैं। इनसे जुड़े वीडियो और रील्स को लाखों लोग पसंद कर रहे हैं।

रावण थीम, तिरंगा कांवड़ और सुपर फास्ट यात्रा की चर्चा

यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर कई अनोखे वीडियो चर्चा में हैं। हरिद्वार से मेरठ की ओर 300 लीटर गंगाजल लेकर दौड़ते एक शिवभक्त का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं पुष्पक विमान पर आधारित रावण थीम वाली कांवड़ और उससे जुड़े संवाद भी सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहे हैं। तिरंगा थीम पर तैयार कांवड़, भगवान शिव की स्वर्णिम प्रतिमा के साथ यात्रा करते श्रद्धालु और भक्ति संगीत पर आगे बढ़ते कांवड़ियों के वीडियो भी लोगों की पसंद बने हुए हैं।

लग्जरी कार की प्रतिकृति वाली कांवड़ ने खींचा ध्यान

दिल्ली से आए श्रद्धालुओं द्वारा लग्जरी कार की प्रतिकृति के रूप में तैयार की गई कांवड़ भी सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रही है। इसके अलावा भगवान शिव, महाकाल और हनुमान की विशाल प्रतिमाओं से सुसज्जित रथनुमा कांवड़ों के वीडियो और तस्वीरें भी तेजी से साझा की जा रही हैं।

सोशल मीडिया से मिल रही सेवा शिविरों और प्रशासनिक सुविधाओं की जानकारी

हरिद्वार से दिल्ली, मेरठ, गुरुग्राम, बुलंदशहर और अन्य शहरों की ओर जा रहे शिवभक्त सोशल मीडिया के माध्यम से विभिन्न सेवा शिविरों की जानकारी भी प्राप्त कर रहे हैं। भोजन, चिकित्सा, विश्राम और पेयजल जैसी सुविधाओं वाले शिविरों की जानकारी वीडियो और रील्स के जरिए उपलब्ध कराई जा रही है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन द्वारा स्थापित कंट्रोल रूम, एम्बुलेंस, पुलिस सहायता केंद्र, सीसीटीवी निगरानी, ड्रोन मॉनिटरिंग और ट्रैफिक प्रबंधन से जुड़ी सूचनाएं भी लगातार साझा की जा रही हैं, जिससे श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान आवश्यक जानकारी समय पर मिल रही है।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र