देशभर में बारिश का कहर! असम में बाढ़ से 68 मौतें, हिमाचल में बादल फटा, अगले 3 दिन भारी बारिश का रेड अलर्ट

0000000000000-11

नई दिल्ली: देश के कई राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। बाढ़, भूस्खलन और बादल फटने की घटनाओं के बीच कई इलाकों में राहत और बचाव अभियान जारी है। हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में बादल फटने से पुल और सड़क बह गए हैं, जबकि असम में बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 68 हो गई है। गुजरात और दादरा एवं नगर हवेली में भी मूसलाधार बारिश के चलते हालात गंभीर बने हुए हैं। मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में अगले दो से तीन दिनों तक भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

असम में बाढ़ पर प्रधानमंत्री ने लिया हालात का जायजा

असम में बाढ़ की स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है। रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल से फोन पर बात कर राज्य के ताजा हालात की जानकारी ली। सर्बानंद सोनोवाल बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।

हिमाचल में बादल फटने से सात गांवों का संपर्क टूटा

हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले की मयाड़ घाटी के धांधल नाला क्षेत्र में शनिवार रात बादल फटने की घटना हुई। इसके बाद पहाड़ी नाले में अचानक आई बाढ़ से एक पुल और सड़क बह गई। इस वजह से मयाड़ घाटी के सात गांवों का संपर्क पूरी तरह कट गया है और प्रशासन हालात सामान्य करने में जुटा है।

गुजरात में राहत अभियान संभाल रही सेना

गुजरात में लगातार हो रही भारी बारिश से कई जिले बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। राज्य में अब तक 35 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जिनमें सबसे अधिक 29 मौतें वलसाड और नवसारी जिलों में हुई हैं। पिछले तीन दिनों से सेना, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, राज्य आपदा मोचन बल और स्थानीय प्रशासन संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चला रहे हैं। अब तक 790 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है।

ओडिशा में रेड अलर्ट, डिप्रेशन हुआ मजबूत

मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र रविवार को और गहरा होकर डिप्रेशन में बदल गया है। अगले 24 घंटों में इसके और मजबूत होकर उत्तर ओडिशा तथा पश्चिम बंगाल के तट से टकराने की संभावना है। इसके प्रभाव को देखते हुए 29 जुलाई तक सुंदरगढ़, क्योंझर और मयूरभंज जिलों में अत्यधिक भारी बारिश की आशंका जताते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है।

अगले 2-3 दिन कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले दो से तीन दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत, पूर्वी भारत और पूर्वोत्तर राज्यों के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र