NEET PG 2026: मेडिकल छात्रों के लिए बड़ी खबर, MD-MS समेत पीजी सीटों में 5800 से ज्यादा का इजाफा
नई दिल्ली: नीट पीजी 2026 के बाद मेडिकल पीजी पाठ्यक्रमों में दाखिले की प्रक्रिया आगे बढ़ने वाली है। नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) ने एमडी, एमएस, डीएनबी और पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए नीट पीजी 2026 काउंसलिंग का सीट मैट्रिक्स जारी कर दिया है। एमसीसी दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए नीट पीजी काउंसलिंग के पहले राउंड का पंजीकरण पोर्टल 1 अक्टूबर से खोलेगा। उम्मीदवार एमसीसी की वेबसाइट के जरिए राउंड-1 काउंसलिंग के लिए पंजीकरण कर सकेंगे।
नीट पीजी 2026 के सीट मैट्रिक्स के मुताबिक एमडी, एमएस और डिप्लोमा सीटों की कुल संख्या बढ़कर 58,000 हो गई है। पिछले साल यह संख्या 52,173 थी। इस तरह इन सीटों में करीब 11 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। निजी और डीम्ड विश्वविद्यालयों की संख्या में 32 फीसदी, जबकि सरकारी मेडिकल कॉलेजों की संख्या में 10 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है।
इन विभागों में भी बढ़ी सीटें
शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एनेस्थीसिया, ऑप्थल्मोलॉजी, ईएनटी, पैथोलॉजी, साइकियाट्री और रेस्पिरेटरी मेडिसिन जैसे विभागों में भी पीजी सीटों की संख्या बढ़ी है। इससे इन विशेषज्ञता वाले पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए उपलब्ध सीटों में विस्तार हुआ है।
बाद में स्वीकृत सीटें नए मैट्रिक्स में जुड़ेंगी
एनएमसी ने स्पष्ट किया है कि मौजूदा सीट मैट्रिक्स में शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के दौरान मौजूदा पीजी पाठ्यक्रमों में सीटें बढ़ाने या नए पीजी पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए प्राप्त आवेदनों से संबंधित सीटों को शामिल नहीं किया गया है। बाद में जिन अतिरिक्त पीजी सीटों या नए पाठ्यक्रमों को मंजूरी मिलेगी, उन्हें संशोधित सीट मैट्रिक्स में शामिल किया जाएगा। संशोधित मैट्रिक्स एनएमसी की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया जाएगा।
सभी मेडिकल कॉलेजों को यह भी निर्देश दिया गया है कि विद्यार्थियों को दाखिला केवल स्वीकृत सीटों की संख्या के आधार पर ही दिया जाए।
कुल 63,177 सीटों का भी दिया गया विवरण
जारी नई सीट मैट्रिक्स के अनुसार देश में इस वर्ष कुल 63,177 सीटें उपलब्ध हैं। वर्ष 2025 में कुल 58,400 सीटें थीं। इस तरह कुल सीटों में 4,777 की बढ़ोतरी हुई है, जो 8.18 फीसदी की वृद्धि है।
सरकारी मेडिकल कॉलेजों में कुल 33,088 सीटें हैं, जो कुल सीटों का 52.4 फीसदी हैं। पिछले वर्ष की तुलना में सरकारी सीटों में 3,308 सीटों की बढ़ोतरी हुई है, जो 11.11 फीसदी है। निजी कॉलेजों में 21,892 सीटें हैं, जबकि डीम्ड विश्वविद्यालयों में 8,197 सीटें उपलब्ध हैं।
एमडी में सरकारी कॉलेजों की 20,496 सीटें
डॉक्टर ऑफ मेडिसिन यानी एमडी पाठ्यक्रम में सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 20,496 सीटें हैं। निजी कॉलेजों में एमडी की 14,030 सीटें और डीम्ड विश्वविद्यालयों में 5,822 सीटें उपलब्ध हैं।
एमएस में सीटों का ब्योरा
मास्टर ऑफ सर्जरी यानी एमएस पाठ्यक्रम में सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 9,211 सीटें हैं। निजी कॉलेजों में 6,867 सीटें और डीम्ड विश्वविद्यालयों में 2,412 सीटें उपलब्ध हैं।





