घाटकोपर में बारिश के बीच बड़ा भूस्खलन, चॉल पर गिरा पहाड़ का हिस्सा; 2 की मौत, 8 लोगों के दबे होने की आशंका
मुंबई: मुंबई के घाटकोपर इलाके के चिराग नगर में बुधवार तड़के करीब चार बजे भूस्खलन की बड़ी घटना सामने आई। भारी बारिश के बीच पहाड़ का एक हिस्सा गौसिया चॉल पर गिर गया, जिसकी चपेट में कई लोग आ गए। पुलिस के अनुसार, हादसे में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि छह से आठ लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। मौके पर राहत और बचाव अभियान जारी है।
चिराग नगर में चॉल पर गिरा पहाड़ का हिस्सा
घाटकोपर के चिराग नगर इलाके में हुए भूस्खलन के कारण गौसिया चॉल का हिस्सा मलबे की चपेट में आ गया। हादसे के बाद कई लोग मलबे में दब गए। बचाव दल ने अभियान चलाकर कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है। हालांकि, अभी भी छह से आठ लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे में दो लोगों की जान जा चुकी है।
मौके पर पहुंचीं एनडीआरएफ और महाराष्ट्र पुलिस की टीमें
पुलिस के मुताबिक, घटना सुबह करीब चार बजे हुई। सूचना मिलते ही महाराष्ट्र पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस भी मौके पर तैनात की गई हैं। बीएमसी के अनुसार, दो शव अस्पताल पहुंचाए गए हैं।
दो घायल अस्पताल में भर्ती
भूस्खलन की घटना में घायल 18 वर्षीय सोहेल अंसारी और 14 वर्षीय मोहम्मद अंसारी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों का उपचार किया जा रहा है। वहीं, मलबे में फंसे लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान लगातार जारी है।
मुंबई में भारी बारिश के बीच बचाव अभियान जारी
मुंबई में लगातार भारी बारिश का दौर जारी है। माना जा रहा है कि बारिश के चलते ही भूस्खलन की यह घटना हुई। मुंबई की मेयर रितु तावड़े भी घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। बचाव टीमें मलबे के नीचे फंसे लोगों की तलाश में जुटी हुई हैं।





