ISRO Apprentice Recruitment 2026: इसरो में 410 अप्रेंटिस पदों पर भर्ती, बिना परीक्षा मिलेगा मौका; जानें योग्यता और आवेदन प्रक्रिया
नई दिल्ली: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के यू आर राव सैटेलाइट सेंटर (URSC), बेंगलुरु ने वर्ष 2026-27 के लिए अप्रेंटिसशिप के 410 पदों पर भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया है। इंजीनियरिंग और डिप्लोमा कर चुके अभ्यर्थियों के लिए यह प्रतिष्ठित संस्थान में प्रशिक्षण प्राप्त करने का सुनहरा अवसर है। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 29 जुलाई 2026 से शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार 28 अगस्त 2026 रात 11:59 बजे तक निशुल्क आवेदन कर सकते हैं।
410 पदों पर होगी भर्ती
इस भर्ती अभियान के तहत कुल 410 पद भरे जाएंगे। इनमें 220 पद ग्रेजुएट अप्रेंटिस, 120 पद टेक्नीशियन अप्रेंटिस और 70 पद कमर्शियल प्रैक्टिस अप्रेंटिस के लिए निर्धारित किए गए हैं। चयनित अभ्यर्थियों को एक वर्ष की अवधि तक अप्रेंटिस प्रशिक्षण दिया जाएगा।
शैक्षणिक योग्यता क्या है?
ग्रेजुएट अप्रेंटिस पदों के लिए संबंधित शाखा जैसे कंप्यूटर साइंस, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन, मैकेनिकल, केमिकल, एयरोस्पेस और एयरोनॉटिकल आदि में मान्यता प्राप्त संस्थान से बीई या बीटेक की डिग्री होना आवश्यक है।
टेक्नीशियन अप्रेंटिस पदों के लिए संबंधित इंजीनियरिंग ट्रेड में तीन वर्षीय राज्य स्तरीय डिप्लोमा अनिवार्य है।
कमर्शियल प्रैक्टिस अप्रेंटिस पद के लिए मान्यता प्राप्त संस्थान से कमर्शियल प्रैक्टिस में डिप्लोमा होना जरूरी है।
केवल वे अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं जिन्होंने वर्ष 2022, 2023, 2024, 2025 या 2026 में अपनी डिग्री या डिप्लोमा पूरी की हो। वर्ष 2022 से पहले उत्तीर्ण उम्मीदवार इस भर्ती के लिए पात्र नहीं होंगे।
हर महीने मिलेगा स्टाइपेंड
प्रशिक्षण अवधि के दौरान ग्रेजुएट अप्रेंटिस को 12,300 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जाएगा। वहीं टेक्नीशियन अप्रेंटिस और कमर्शियल प्रैक्टिस अप्रेंटिस को 10,900 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड मिलेगा।
बिना लिखित परीक्षा होगा चयन
इस भर्ती में किसी प्रकार की लिखित परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी। अभ्यर्थियों का चयन डिग्री या डिप्लोमा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की गई मेरिट सूची से किया जाएगा। मेरिट में शामिल उम्मीदवारों को दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया जाएगा।
आवेदन पूरी तरह निशुल्क
इस भर्ती के लिए सामान्य, ओबीसी, एससी, एसटी और दिव्यांग सहित सभी वर्गों के उम्मीदवारों से कोई आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह निशुल्क रखी गई है।
ऐसे करें आवेदन
आवेदन करने के लिए सबसे पहले अभ्यर्थियों को नेशनल अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग स्कीम (NATS 2.0) पोर्टल पर छात्र के रूप में पंजीकरण कराना होगा। इसके बाद प्राप्त पंजीकरण संख्या का उपयोग कर उमंग पोर्टल या इसरो तथा यूआरएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध भर्ती अधिसूचना URSC:03:2026 के माध्यम से आवेदन करना होगा। आवेदन पत्र में आवश्यक व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरकर फोटो एवं हस्ताक्षर अपलोड करने के बाद 28 अगस्त 2026 तक आवेदन जमा किया जा सकता है।





