यूपीटीईटी-2026 की तारीखों का ऐलान, फरवरी में दो दिन होगी परीक्षा; जानें आवेदन से लेकर संशोधन तक की पूरी समय-सारिणी

cm_yogi_12-2
लखनऊ: उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी)-2026 की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज की ओर से यह परीक्षा 26 और 27 फरवरी 2027 को आयोजित की जाएगी। प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5) और उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से 8) की परीक्षा के लिए विस्तृत विज्ञापन 24 नवंबर 2026 को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया जाएगा।

आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए इस बार वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) की व्यवस्था लागू की गई है। यूपीटीईटी-2026 में शामिल होने के इच्छुक उम्मीदवारों को ऑनलाइन आवेदन करने से पहले ओटीआर प्रक्रिया पूरी करनी होगी। अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक के जरिए विस्तृत विज्ञापन और निर्देश-पुस्तिका देख सकेंगे। निर्धारित योग्यता रखने वाले उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले विज्ञापन में दिए गए सभी निर्देशों का सावधानीपूर्वक अध्ययन करने की सलाह दी गई है।

24 नवंबर से शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया

आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह ने परीक्षा से जुड़ी प्रमुख तारीखों की जानकारी दी। उनके मुताबिक, 24 नवंबर 2026 को विज्ञापन जारी होने के साथ ही ओटीआर और ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। अभ्यर्थी 23 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन शुल्क जमा कर सकेंगे।

आवेदन में किसी तरह की गलती होने पर उम्मीदवारों को उसे ठीक करने का मौका भी दिया जाएगा। इसके लिए 27 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन में संशोधन किया जा सकेगा। आयोग ने अभ्यर्थियों को तय समय-सीमा के भीतर पंजीकरण, आवेदन और जरूरी सुधार की प्रक्रिया पूरी करने को कहा है।

यूपीटीईटी-2026 की प्रमुख तारीखें

  • विज्ञापन और आवेदन प्रक्रिया शुरू: 24 नवंबर 2026
  • ऑनलाइन आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि: 23 दिसंबर 2026
  • आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि: 27 दिसंबर 2026
  • परीक्षा की तारीख: 26 और 27 फरवरी 2027

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र