एलन मस्क की दौलत में 68.7 अरब डॉलर का विस्फोट! फिर बने ट्रिलियनेयर, अडानी-अंबानी को एक दिन में बड़ा झटका
नई दिल्ली: वैश्विक शेयर बाजार में टेक कंपनियों के शेयरों में आई जोरदार तेजी ने दुनिया के सबसे अमीर कारोबारियों की संपत्ति में बड़ा बदलाव कर दिया है। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार, सोमवार को एलन मस्क की संपत्ति में 68.7 अरब डॉलर का रिकॉर्ड इजाफा हुआ, जिसके बाद उनकी कुल नेटवर्थ बढ़कर 1.01 ट्रिलियन डॉलर पहुंच गई। इसी के साथ मस्क ने एक बार फिर ट्रिलियनेयर क्लब में वापसी कर ली है।
दूसरी ओर, भारत के दिग्गज उद्योगपति मुकेश अंबानी और गौतम अडानी के लिए यह दिन नुकसानभरा साबित हुआ। दोनों की संयुक्त संपत्ति में 3.27 अरब डॉलर यानी करीब 30,967 करोड़ रुपये की गिरावट दर्ज की गई।
मुकेश अंबानी की संपत्ति में लगातार गिरावट
ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी की नेटवर्थ में सोमवार को 1.23 अरब डॉलर की कमी आई। इसके बाद उनकी कुल संपत्ति घटकर 86.7 अरब डॉलर रह गई।
वर्ष 2026 के पहले छह महीनों में अंबानी की कुल संपत्ति में करीब 21 अरब डॉलर की गिरावट दर्ज की जा चुकी है, जो इस साल उनके लिए बड़ी चुनौती मानी जा रही है।
गौतम अडानी को भी लगा बड़ा झटका
अडानी समूह के चेयरमैन गौतम अडानी की संपत्ति में भी एक दिन के भीतर 2.04 अरब डॉलर की गिरावट आई। इसके बाद उनकी कुल नेटवर्थ 117 अरब डॉलर पर पहुंच गई।
हालांकि, साल 2026 के पहले छह महीनों की बात करें तो अडानी की संपत्ति में अब भी 23.2 अरब डॉलर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे वह दुनिया के सबसे तेजी से संपत्ति बढ़ाने वाले अरबपतियों में शामिल हैं।
टेक शेयरों की तेजी से अरबपतियों की दौलत में उछाल
सोमवार को टेक्नोलॉजी कंपनियों के शेयरों में तेजी का असर दुनिया के कई बड़े अरबपतियों की संपत्ति पर भी दिखाई दिया।
गूगल के सह-संस्थापक लैरी पेज की संपत्ति 12.7 अरब डॉलर बढ़कर 301 अरब डॉलर हो गई, जबकि सर्गेई ब्रिन की नेटवर्थ 11.7 अरब डॉलर बढ़कर 280 अरब डॉलर पहुंच गई।
अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस को 6.49 अरब डॉलर का फायदा हुआ और उनकी कुल संपत्ति 262 अरब डॉलर हो गई। वहीं माइकल डेल की संपत्ति 5.17 अरब डॉलर बढ़कर 217 अरब डॉलर तक पहुंच गई।
मेटा प्रमुख मार्क जुकरबर्ग की नेटवर्थ में 4.23 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई और उनकी कुल संपत्ति 201 अरब डॉलर हो गई। लैरी एलिसन 202 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ शीर्ष अमीरों की सूची में बने हुए हैं।
टॉप-10 अमीरों की सूची में उतार-चढ़ाव
फ्रांस के कारोबारी बर्नार्ड अर्नाल्ट को 486 मिलियन डॉलर का नुकसान हुआ, जिसके बाद उनकी कुल संपत्ति 163 अरब डॉलर रह गई। वहीं एनवीडिया के प्रमुख जेनसेन हुआंग की नेटवर्थ 1.98 अरब डॉलर बढ़कर 163 अरब डॉलर पहुंच गई।
वॉरेन बफेट 148 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ दुनिया के शीर्ष-10 अमीरों की सूची में बने हुए हैं।
कुछ दिनों में ही मस्क की जबरदस्त वापसी
गौरतलब है कि 23 जून को एलन मस्क की संपत्ति में एक ही दिन इतनी बड़ी गिरावट दर्ज की गई थी, जो वॉरेन बफेट की कुल नेटवर्थ से भी अधिक बताई गई थी। इसके अगले दिन 24 जून को भी उनकी दौलत में 118 अरब डॉलर की अतिरिक्त कमी आई थी।
हालांकि, कुछ ही दिनों के भीतर मस्क ने जोरदार वापसी करते हुए एक बार फिर ट्रिलियन डॉलर की संपत्ति का आंकड़ा पार कर लिया है।
स्पेसएक्स बना मस्क की दौलत का सबसे बड़ा इंजन
एलन मस्क की संपत्ति में आई इस बड़ी बढ़ोतरी के पीछे स्पेसएक्स का ऐतिहासिक आईपीओ प्रमुख कारण माना जा रहा है। मस्क के पास स्पेसएक्स के लगभग 4.76 अरब शेयर हैं।
75 अरब डॉलर के आईपीओ के बाद कंपनी का बाजार मूल्य 2 ट्रिलियन डॉलर से अधिक पहुंच गया, जिससे मस्क की व्यक्तिगत संपत्ति में भी रिकॉर्ड उछाल दर्ज हुआ। एक समय उनकी नेटवर्थ 1.27 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचने की बात भी सामने आई।





