मानसून में रोज खाएं नाशपाती! इम्युनिटी से लेकर दिल तक को मिलेंगे जबरदस्त फायदे, जानिए क्यों है यह सुपरफ्रूट
नई दिल्ली: मानसून के मौसम में बदलते मौसम के साथ संक्रमण और बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। ऐसे समय में शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत रखने के लिए संतुलित और पौष्टिक आहार बेहद जरूरी माना जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार इस मौसम में नाशपाती का सेवन सेहत के लिए काफी फायदेमंद हो सकता है। विटामिन-सी, पोटैशियम, फोलेट, कॉपर और मैग्नीशियम जैसे कई जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर नाशपाती शरीर को कई स्वास्थ्य लाभ पहुंचाती है।
शरीर की सूजन कम करने में मददगार
नाशपाती में फ्लेवोनॉइड्स और एंटीऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं, जो शरीर में होने वाली सूजन को कम करने में सहायक माने जाते हैं। पुरानी चोट, संक्रमण या अन्य कारणों से होने वाली सूजन की समस्या में इसका सेवन लाभकारी हो सकता है। इसके अलावा इसमें मौजूद विटामिन-सी और विटामिन-के शरीर को अंदरूनी रूप से स्वस्थ बनाए रखने में मदद करते हैं।
पाचन तंत्र को रखे मजबूत
फाइबर से भरपूर नाशपाती पाचन तंत्र के लिए बेहद फायदेमंद मानी जाती है। इसका सेवन मल त्याग को आसान बनाता है और कब्ज जैसी समस्याओं से राहत दिलाने में मदद कर सकता है। इसमें मौजूद घुलनशील फाइबर आंतों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का काम करता है। जिन लोगों को पाचन संबंधी परेशानियां रहती हैं, वे इसे अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं।
डायबिटीज मरीजों के लिए भी बेहतर विकल्प
नाशपाती में एंथोसायनिन जैसे एंटीऑक्सीडेंट तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर को कई तरह के नुकसान से बचाने में मदद करते हैं। इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम माना जाता है, जिससे रक्त शर्करा के स्तर पर अचानक असर नहीं पड़ता। यही कारण है कि इसे डायबिटीज से पीड़ित लोगों के लिए एक बेहतर फल माना जाता है।
वजन घटाने वालों के लिए फायदेमंद
अगर आप वजन कम करने की कोशिश कर रहे हैं तो नाशपाती आपकी डाइट का हिस्सा बन सकती है। इसमें फाइबर अधिक और कैलोरी कम होती है, जिससे पेट लंबे समय तक भरा हुआ महसूस होता है। इससे बार-बार भूख लगने की समस्या कम हो सकती है और वजन नियंत्रण में मदद मिल सकती है।
दिल को रखे स्वस्थ
नाशपाती में मौजूद प्रोसायनिडिन जैसे तत्व शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट का काम करते हैं। यह खराब कोलेस्ट्रॉल को कम करने और अच्छे कोलेस्ट्रॉल को बढ़ाने में सहायक माने जाते हैं। इसके अलावा नाशपाती के छिलके में पाया जाने वाला क्वेरसेटिन हाई ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने में मदद कर सकता है। नियमित और संतुलित मात्रा में इसका सेवन हृदय स्वास्थ्य के लिए लाभदायक माना जाता है।



