कांवड़ यात्रा 2026 पर सीएम योगी का बड़ा एक्शन! मांस-शराब की दुकानें बंद, ड्रोन निगरानी और म्यूजिक सिस्टम पर भी सख्त आदेश

18A84

लखनऊ: सावन माह में 30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारु यातायात, कानून-व्यवस्था, संभावित बाढ़ की स्थिति और सोशल मीडिया पर अफवाहों पर नियंत्रण को लेकर प्रशासन को व्यापक निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

यात्रा मार्गों पर मांस और शराब की दुकानें रहेंगी बंद

मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा के दौरान यात्रा मार्गों पर मांस और शराब की सभी दुकानों को बंद रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अधिकारियों को इन आदेशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने और लगातार निगरानी रखने को कहा गया है। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को गाजियाबाद में मेरठ और सहारनपुर मंडल के पुलिस व जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।

म्यूजिक सिस्टम और कांवड़ की ऊंचाई पर भी रहेगा नियंत्रण

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि कांवड़ यात्रा के दौरान उपयोग होने वाले म्यूजिक सिस्टम की ध्वनि निर्धारित मानकों के अनुरूप रहे। इसके अलावा कांवड़ की ऊंचाई भी तय मानकों के अनुसार रखने के लिए म्यूजिक सिस्टम संचालकों, कांवड़ निर्माताओं और कांवड़ संघों के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा गया है। उन्होंने यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी, अफवाह फैलाने वालों पर सख्ती

मुख्यमंत्री ने यात्रा मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और ड्रोन के माध्यम से निगरानी करने के निर्देश दिए। साथ ही सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखने तथा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने मेरठ और सहारनपुर मंडल के आयुक्तों को लगातार तैयारियों की समीक्षा करने और पुलिस व जिला प्रशासन को दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, हरियाणा और उत्तराखंड के अधिकारियों के साथ नियमित समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।

सात्विक भोजन, स्ट्रीट लाइट और गड्ढामुक्त मार्ग पर रहेगा विशेष फोकस

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि कांवड़ यात्रा में शामिल वाहनों के चालक नशे की हालत में वाहन न चलाएं। यात्रा मार्ग और शिविरों के आसपास ट्रांसफॉर्मर तथा बिजली के तारों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए। अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाए रखने, यात्रा मार्गों को गड्ढामुक्त कराने, झाड़ियों की सफाई कराने, शिविरों में स्ट्रीट लाइट, स्वच्छता तथा श्रद्धालुओं के लिए ताजा और सात्विक भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इस वर्ष कांवड़ यात्रा 30 जुलाई से 28 अगस्त तक आयोजित की जाएगी।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र