महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत बिगड़ने पर मेदांता पहुंचे CM योगी, ICU में चल रहा इलाज; अस्पताल ने जारी किया स्वास्थ्य बुलेटिन

2026_7image_13_36_072808469cmyogimahantnrityagopal-ll

लखनऊ: श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत खराब होने के बाद उन्हें राजधानी लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं अस्पताल पहुंचे और महंत का स्वास्थ्य हाल जाना। इस दौरान उन्होंने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।

महंत नृत्य गोपाल दास अयोध्या स्थित राम मंदिर आंदोलन और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जुड़े प्रमुख संतों में शामिल हैं। स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद उन्हें उपचार के लिए मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

अचेत अवस्था में अस्पताल लाए गए थे महंत

अस्पताल प्रशासन के अनुसार 89 वर्षीय महंत नृत्य गोपाल दास को 29 जून को दोपहर करीब 1:30 बजे आपातकालीन विभाग में लाया गया था। उस समय उनकी स्थिति गंभीर थी और वे अचेत अवस्था में थे। प्रारंभिक चिकित्सीय जांच में उनके मूत्र मार्ग में संक्रमण की पुष्टि हुई।

ICU में 24 घंटे निगरानी, विशेषज्ञ टीम कर रही इलाज

मेदांता अस्पताल द्वारा जारी स्वास्थ्य अपडेट के मुताबिक महंत नृत्य गोपाल दास का उपचार क्रिटिकल केयर विशेषज्ञ डॉ. दिलीप और उनकी टीम की देखरेख में चल रहा है। उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम 24 घंटे उनकी निगरानी कर रही है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यक चिकित्सीय उपचार दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री योगी ने जाना स्वास्थ्य हाल

सरकारी बयान के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को मेदांता अस्पताल पहुंचे और महंत नृत्य गोपाल दास के स्वास्थ्य की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों से उनके उपचार के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र