Aadhaar यूजर्स के लिए बड़ी राहत! अब घर बैठे मुफ्त में अपडेट होगी Email ID, UIDAI ने शुरू की नई सुविधा

2026_7image_14_03_147046797uidai-ll

नई दिल्ली: आधार कार्ड धारकों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (UIDAI) ने आधार से जुड़ी सेवाओं को और आसान बनाते हुए ऐसी सुविधा शुरू की है, जिसके बाद लोगों को अपनी ईमेल आईडी जोड़ने या अपडेट कराने के लिए आधार सेवा केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। अब यह काम सीधे आधार ऐप के जरिए घर बैठे किया जा सकेगा।

इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, 1 जुलाई 2026 से आधार ऐप पर ईमेल आईडी जोड़ने और अपडेट करने की यह सुविधा शुरू कर दी गई है। खास बात यह है कि यह सेवा पूरी तरह मुफ्त है और छह महीने की अवधि तक उपलब्ध रहेगी।

दो दिन में ढाई लाख से ज्यादा लोगों ने उठाया लाभ

मंत्रालय के मुताबिक नई सुविधा शुरू होने के महज दो दिनों के भीतर 2.5 लाख से अधिक लोगों ने आधार ऐप के माध्यम से अपनी ईमेल आईडी अपडेट की है। इससे साफ है कि डिजिटल सेवाओं को लेकर लोगों का रुझान तेजी से बढ़ रहा है।

UIDAI ने बताया कि नया आधार ऐप एंड्रॉयड और एप्पल आईओएस दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है, जिससे अधिक से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।

ईमेल लिंक होते ही मिलेगा हर ऑथेंटिकेशन का अलर्ट

आधार के साथ ईमेल आईडी लिंक होने के बाद उपयोगकर्ताओं को हर बार आधार ऑथेंटिकेशन होने पर रियल टाइम ईमेल नोटिफिकेशन मिलेगा। इससे आधार से जुड़ी गतिविधियों पर नजर रखना आसान होगा और सुरक्षा भी बढ़ेगी।

सिर्फ ईमेल ही नहीं, कई सेवाएं अब मोबाइल पर

नया आधार ऐप केवल ईमेल अपडेट तक सीमित नहीं है। इसके जरिए मोबाइल नंबर अपडेट करने और पते में बदलाव जैसी कई महत्वपूर्ण सेवाएं भी सीधे स्मार्टफोन से प्राप्त की जा सकती हैं।

आंकड़ों के अनुसार अब तक 4 करोड़ से ज्यादा लोगों ने आधार ऐप के जरिए अपने मोबाइल नंबर अपडेट किए हैं, जबकि लगभग 10 लाख उपयोगकर्ताओं ने पते से जुड़ी जानकारी में बदलाव के लिए इस प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया है।

UIDAI ने लोगों से की अपील

UIDAI ने आधार धारकों से इस नई सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। प्राधिकरण का कहना है कि जिन लोगों की ईमेल आईडी अभी तक आधार से लिंक नहीं है या पुरानी ईमेल आईडी बदलनी है, वे आधार ऐप डाउनलोड या अपडेट कर आसानी से यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र