गोरखपुर में लगातार दूसरे दिन जनता दर्शन, CM योगी ने सुनीं करीब 150 लोगों की समस्याएं; बोले- हर व्यक्ति की समस्या का होगा समाधान

30A_96

गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान लगातार दूसरे दिन बुधवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन किया। इस दौरान उन्होंने अलग-अलग जिलों से आए करीब 150 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री ने लोगों से कहा कि चिंता न करें, सरकार हर व्यक्ति की समस्या का समाधान पूरी प्रतिबद्धता के साथ कराएगी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों की शिकायतों का पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि बिना किसी भेदभाव के सभी को न्याय मिले और पात्र लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराया जाए। जरूरतमंद लोगों के बेहतर इलाज की व्यवस्था कराने के साथ जमीन पर कब्जा करने वाले भू-माफिया और दबंगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश भी दिए।

राजस्व और कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में तेजी के निर्देश

गोरखनाथ मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने लोगों के प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए त्वरित और संतोषजनक निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व और कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द निपटाने को कहा।

मुख्यमंत्री ने शिकायत लेकर आए लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर पीड़ित की समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी तरह की लापरवाही न हो।

गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक मदद का भरोसा

जनता दर्शन में कुछ लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर भी पहुंचे थे। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जरूरतमंद लोगों के उच्च स्तरीय इलाज का अनुमानित खर्च जल्द तैयार कराया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इलाज का अनुमान मिलते ही सरकार विवेकाधीन कोष से आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराएगी, ताकि आर्थिक परेशानी के कारण किसी जरूरतमंद के इलाज में बाधा न आए।

गुरु पूजा के बाद सीएम योगी ने की गोसेवा

गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ जी महाराज की विशेष पूजा-अर्चना की। आश्विन कृष्ण चतुर्थी के अवसर पर महंत अवेद्यनाथ जी महाराज की 12वीं पुण्यतिथि थी। गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनकी समाधि स्थल पर पहुंचकर विशेष पूजा की और शीश नवाया।

मंदिर में अपनी पारंपरिक दिनचर्या के तहत मुख्यमंत्री गोशाला भी पहुंचे। यहां उन्होंने गायों और गोवंश को स्नेहपूर्वक गुड़ खिलाया। इस दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों से आए संतजन भी गोशाला में मौजूद रहे।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र