BRICS Summit से पहले नई दिल्ली में 10 दिन हाई अलर्ट! 14 सितंबर तक 24 घंटे निगरानी, 15 हजार गमलों से सजेगी राजधानी
नई दिल्ली: ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को लेकर राजधानी में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर निगरानी बढ़ा दी गई है। 11 से 13 सितंबर तक भारत मंडपम में होने वाले सम्मेलन को देखते हुए एनडीएमसी ने पालिका केंद्र स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर को 14 सितंबर तक चौबीसों घंटे सक्रिय रखने का फैसला किया है। रात के समय भी एनडीएमसी के प्रमुख विभागों का एक-एक नोडल अधिकारी कंट्रोल रूम में मौजूद रहेगा। किसी भी समस्या की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे। इस दौरान विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखना बड़ी चुनौती होगी।
दिन के समय सिविल, हॉर्टिकल्चर, पब्लिक हेल्थ, एन्फोर्समेंट, इलेक्ट्रिकल, ट्रांसपोर्ट, फायर और सिक्योरिटी विभाग अपने-अपने क्षेत्रों की निगरानी करेंगे। दिल्ली पुलिस और ट्रैफिक पुलिस के साथ समन्वय की जिम्मेदारी मुख्य सुरक्षा अधिकारी को सौंपी गई है। सीपीडब्ल्यूडी और दूसरी एजेंसियों के नोडल अधिकारी भी लगातार संपर्क में रहेंगे। कंट्रोल रूम में दर्ज होने वाली शिकायतों और उनके निस्तारण का पूरा रिकॉर्ड रखा जाएगा। इसके लिए नोडल अधिकारियों को लॉगबुक तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं, जिसमें शिकायत मिलने से लेकर कार्रवाई होने तक का समय दर्ज किया जाएगा।
15 हजार से ज्यादा गमलों से सजेगी नई दिल्ली
ब्रिक्स सम्मेलन के मद्देनजर राजधानी को सजाने-संवारने का काम भी तेज कर दिया गया है। एनडीएमसी क्षेत्र के 17 प्रमुख गोलचक्करों पर सजावटी रोशनी लगाई जा रही है। पटेल चौक, विंडसर प्लेस, मंडी हाउस, तीन मूर्ति, लोक कल्याण, मान सिंह और प्रधानमंत्री गोलचक्कर समेत प्रमुख स्थानों को रोशन किया जाएगा। इसके अलावा 11 बड़े होटलों और 10 एनडीएमसी भवनों पर भी सजावटी रोशनी की व्यवस्था की जा रही है। यह काम 9 सितंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
राजधानी के प्रमुख मार्गों और महत्वपूर्ण स्थानों पर एनडीएमसी की नर्सरियों में तैयार 15 हजार से अधिक गमले लगाए जा रहे हैं। इसके साथ ही 15 स्थानों पर फूलों से सजे बोर्ड और नौ जगह फूलों के फव्वारे भी लगाए जाएंगे।
41 प्रमुख सड़कों पर विशेष निगरानी, 309 जगहों पर ब्रांडिंग
सम्मेलन से जुड़े मार्गों की 41 प्रमुख सड़कों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इनमें से 32 सड़कों पर रंग-रोगन का काम पूरा हो चुका है। रात के समय सात मशीनों के जरिए यांत्रिक सफाई की जाएगी, जबकि 10 दबावयुक्त जल मशीनों से सड़कों की धुलाई होगी।
जलभराव की आशंका वाले स्थानों की पहचान कर नालों से गाद निकालने का काम पूरा कर लिया गया है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पंप भी लगाए गए हैं। सम्मेलन की ब्रांडिंग के लिए कुल 309 स्थानों को सजाया गया है। इनमें 154 डिजिटल स्क्रीन, 83 प्रचार पट्ट और 72 बस प्रतीक्षालय शामिल हैं।
BRICS Summit के दौरान तीन दिन बंद रहेगा चिड़ियाघर
ब्रिक्स सम्मेलन के चलते राष्ट्रीय प्राणी उद्यान 11 से 13 सितंबर तक पर्यटकों के लिए बंद रहेगा। प्रशासन की ओर से 3 सितंबर को जारी आदेश में इन तारीखों के लिए टिकट बुकिंग भी बंद रखने को कहा गया है। हालांकि पशुओं की देखभाल और प्रबंधन से जुड़ी सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी। 14 सितंबर से चिड़ियाघर को दोबारा खोले जाने की उम्मीद है।
मोटर कारकेड की रिहर्सल, 10 बजे से 4 बजे तक कई रास्तों पर बदलाव
सम्मेलन की तैयारियों के तहत दिल्ली ट्रैफिक पुलिस शनिवार को मोटर कारकेड की रिहर्सल करेगी। इसके कारण सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक कई मार्गों पर यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर लोगों से अपनी यात्रा की पहले से योजना बनाने और गंतव्य तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त समय रखने की अपील की है।
लोगों को सार्वजनिक परिवहन, खासकर मेट्रो का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। वाहन चालकों से निर्धारित डायवर्जन मार्गों और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। आपातकालीन और आवश्यक सेवाओं वाले वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर रास्ता उपलब्ध कराया जाएगा।





