SBI ग्राहकों के लिए बड़ा बदलाव, 1 अक्टूबर से दूसरे बैंक के ATM पर फ्री ट्रांजैक्शन आधे
नई दिल्ली : भारतीय स्टेट बैंक के सैलरी पैकेज अकाउंट इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के लिए एटीएम से जुड़ा अहम बदलाव होने जा रहा है। 1 अक्टूबर 2026 से ऐसे ग्राहकों को दूसरे बैंकों के एटीएम और एडीब्ल्यूएम पर हर महीने मिलने वाले मुफ्त लेनदेन की संख्या 10 से घटाकर 5 कर दी जाएगी। इस सीमा में पैसे निकालने के साथ-साथ बैलेंस की जानकारी लेना और मिनी स्टेटमेंट निकालना जैसे गैर-वित्तीय लेनदेन भी शामिल होंगे।
फ्री ट्रांजैक्शन खत्म होने के बाद लगेगा शुल्क
नई व्यवस्था लागू होने के बाद दूसरे बैंक के एटीएम से पांच मुफ्त लेनदेन पूरे होने पर किए गए अतिरिक्त वित्तीय लेनदेन पर 23 रुपये और जीएसटी का शुल्क देना होगा। वहीं, अतिरिक्त गैर-वित्तीय लेनदेन के लिए 11 रुपये और जीएसटी लिया जाएगा। यानी अगर कोई ग्राहक महीने में पांच मुफ्त लेनदेन करने के बाद छठी बार दूसरे बैंक के एटीएम से नकदी निकालता है, तो उस पर 23 रुपये और जीएसटी का अतिरिक्त शुल्क लगेगा।
SBI के अपने ATM पर मिलती रहेगी राहत
सैलरी पैकेज अकाउंट वाले ग्राहकों को SBI के अपने एटीएम पर हर महीने 10 मुफ्त लेनदेन की सुविधा जारी रहेगी। इसमें वित्तीय और गैर-वित्तीय दोनों तरह के लेनदेन शामिल हैं। इसके अलावा शौर्य फैमिली पेंशन अकाउंट और फैमिली सेविंग्स अकाउंट- SBI रिश्ते समेत सभी सैलरी पैकेज अकाउंट के ग्राहक SBI के एटीएम पर असीमित मुफ्त लेनदेन कर सकेंगे। यह सुविधा सभी स्थानों पर उपलब्ध रहेगी और अकाउंट के प्रकार के आधार पर इसमें बदलाव नहीं होगा।
सामान्य SBI खातों पर नहीं बदली व्यवस्था
सैलरी पैकेज अकाउंट के अलावा SBI के अन्य सामान्य खाताधारकों के लिए मुफ्त एटीएम लेनदेन की मौजूदा सीमा में कोई बदलाव नहीं किया गया है। उन्हें दूसरे बैंकों के एटीएम पर हर महीने पांच मुफ्त लेनदेन मिलते रहेंगे। इसके बाद नकदी निकालने पर 23 रुपये और जीएसटी, जबकि गैर-वित्तीय लेनदेन पर 11 रुपये और जीएसटी का शुल्क लागू होगा। ये शुल्क 1 दिसंबर 2025 से प्रभावी हैं।
मेट्रो और गैर-मेट्रो शहरों का अलग नियम खत्म
दूसरे बैंकों के एटीएम के मामले में अब मेट्रो और गैर-मेट्रो शहरों के आधार पर मुफ्त लेनदेन की अलग-अलग सीमा नहीं होगी। पहले छह मेट्रो केंद्रों के लिए अलग वर्गीकरण था। इनमें मुंबई, नई दिल्ली, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद शामिल थे।
1 अक्टूबर से सैलरी खाताधारकों पर सीधा असर
1 अक्टूबर 2026 से सबसे बड़ा बदलाव SBI के सैलरी पैकेज अकाउंट वाले ग्राहकों के लिए होगा। दूसरे बैंकों के एटीएम से मिलने वाले मुफ्त मासिक लेनदेन की संख्या आधी हो जाएगी। ऐसे में महीने में कई बार एटीएम से नकदी निकालने वाले ग्राहकों के लिए दूसरे बैंक के एटीएम के बजाय SBI के एटीएम का इस्तेमाल करना ज्यादा फायदेमंद रहेगा, ताकि अतिरिक्त शुल्क से बचा जा सके।





