Apple में बड़ा नेतृत्व बदलाव, 15 साल बाद टिम कुक ने छोड़ी CEO की कुर्सी; जॉन टर्नस को कमान, जानें नए रोल में कितनी होगी सैलरी
नई दिल्ली: iPhone बनाने वाली कंपनी Apple में सितंबर की शुरुआत के साथ बड़ा नेतृत्व परिवर्तन हुआ है। करीब 15 साल तक मुख्य कार्यकारी अधिकारी यानी CEO की जिम्मेदारी संभालने वाले टिम कुक ने यह पद जॉन टर्नस को सौंप दिया है। इसके साथ ही कंपनी ने टिम कुक के लिए एक नई जिम्मेदारी तय की है, जिसे एग्जीक्यूटिव चेयरमैन का नाम दिया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एग्जीक्यूटिव चेयरमैन बनने के बाद टिम कुक का कुल पैकेज 4.7 करोड़ डॉलर यानी करीब 400 करोड़ रुपये का होगा। इसमें 20 लाख डॉलर की सैलरी और 4.5 करोड़ डॉलर की प्रस्तावित इक्विटी शामिल है।
SEC में दाखिल दस्तावेज में सैलरी का खुलासा
कंपनी की ओर से अमेरिकी सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन में दाखिल दस्तावेज में मौजूदा CEO की बेस सैलरी बढ़ाकर 30 लाख डॉलर किए जाने की जानकारी दी गई है। वित्तीय वर्ष 2027 के लिए उन्हें 5.5 करोड़ डॉलर की लक्षित वार्षिक इक्विटी भी मिल सकती है। यह राशि उनके प्रदर्शन के आधार पर तय होगी।
रिपोर्ट के अनुसार, Apple में करीब 15 साल तक CEO की भूमिका निभाने वाले टिम कुक की सैलरी में कथित तौर पर 40 प्रतिशत तक की कटौती हुई है।
टिम कुक के कार्यकाल में मजबूत हुई Apple
टिम कुक के CEO रहने के दौरान Apple आर्थिक रूप से मजबूत कंपनी के तौर पर उभरी। उनके कार्यकाल में कंपनी ने अमेरिका के साथ-साथ चीन और भारत के साथ भी अपने कारोबारी रिश्तों को मजबूत किया। Apple का विनिर्माण नेटवर्क अब भी काफी हद तक चीन पर निर्भर है।
जॉन टर्नस के हाथों में Apple की नई कमान
टिम कुक के CEO पद से हटने के बाद जॉन टर्नस ने कंपनी की कमान संभाल ली है। टर्नस के पास हार्डवेयर क्षेत्र में करीब 25 साल का अनुभव है। Apple के उत्पादों के विकास में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। कंपनी के सबसे पतले हैंडसेट iPhone Air के विकास में भी टर्नस की अहम भूमिका बताई गई है।
9 सितंबर को बड़े कार्यक्रम की जिम्मेदारी
CEO पद संभालने के बाद जॉन टर्नस के सामने अब कंपनी के 9 सितंबर को होने वाले बड़े कार्यक्रम की जिम्मेदारी होगी। इस कार्यक्रम के दौरान Apple इस साल अपना पहला फोल्डेबल हैंडसेट iPhone Ultra Fold लॉन्च करेगी।





