कच्चे तेल में बड़ी गिरावट! 70 डॉलर के करीब पहुंचे दाम, जानिए आपके शहर में आज कितना है पेट्रोल-डीजल का भाव
नई दिल्ली : अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार नरमी देखने को मिल रही है। इसी बीच 30 जून को ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के ताजा रेट जारी कर दिए हैं। राहत की बात यह है कि देशभर में ईंधन की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है और पेट्रोल-डीजल के दाम स्थिर बने हुए हैं। वहीं वैश्विक बाजार में अमेरिकी डब्ल्यूटीआई क्रूड 70 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गया है, जबकि ब्रेंट क्रूड भी दबाव में कारोबार कर रहा है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में अमेरिकी डब्ल्यूटीआई क्रूड 0.83 डॉलर की गिरावट के साथ 70.16 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। वहीं ब्रेंट क्रूड भी एक प्रतिशत से अधिक टूटकर 72.40 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर कारोबार करता दिखा। विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक आपूर्ति में सुधार और मांग में नरमी के कारण तेल बाजार पर दबाव बना हुआ है।
मॉर्गन स्टेनली ने घटाया कच्चे तेल का अनुमान
वैश्विक निवेश बैंक मॉर्गन स्टेनली ने भी तेल कीमतों को लेकर अपना अनुमान कम कर दिया है। बैंक का कहना है कि होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल आपूर्ति अपेक्षा से अधिक तेजी से सामान्य हो रही है। इसके अलावा अमेरिका से मजबूत सप्लाई और चीन की कमजोर मांग के कारण बाजार में अतिरिक्त आपूर्ति की स्थिति बन सकती है।
बैंक के विश्लेषकों ने 2026 की तीसरी तिमाही के लिए ब्रेंट क्रूड का अनुमान 15 डॉलर घटाकर 75 डॉलर प्रति बैरल कर दिया है। साथ ही संभावना जताई गई है कि अगले वर्ष की तीसरी तिमाही तक कच्चे तेल की कीमतें 70 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच सकती हैं।
होर्मुज मार्ग पर फिर सामान्य हुआ यातायात
विश्लेषकों के अनुसार हालिया तनाव के बावजूद होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल परिवहन तेजी से सामान्य हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुवार को 35 तेल और गैस टैंकर इस मार्ग से बाहर निकले, जो संघर्ष शुरू होने से पहले के सामान्य स्तर के बराबर माना जा रहा है।
मॉर्गन स्टेनली का अनुमान है कि वर्ष 2027 में तेल बाजार को संतुलित बनाए रखने के लिए होर्मुज मार्ग से पूर्व स्तर के लगभग 65 प्रतिशत निर्यात भी पर्याप्त रहेगा। इससे वैश्विक आपूर्ति पर किसी बड़े संकट की आशंका फिलहाल कम होती दिखाई दे रही है।
126 डॉलर से फिसलकर 70 डॉलर के करीब पहुंचा तेल
गौरतलब है कि अप्रैल में ब्रेंट क्रूड की कीमतें 126 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गई थीं। हालांकि बाद में भू-राजनीतिक हालात में सुधार और आपूर्ति बढ़ने की उम्मीदों के चलते बाजार में तेज गिरावट देखने को मिली। अब अधिकांश बढ़त खत्म हो चुकी है और कीमतें फिर से निचले स्तरों पर लौट आई हैं।
आज क्या हैं पेट्रोल-डीजल के ताजा रेट?
अयोध्या में पेट्रोल 102.40 रुपये और डीजल 97.87 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।
लखनऊ में पेट्रोल 102.05 रुपये और डीजल 99.28 रुपये प्रति लीटर है।
पटना में पेट्रोल 112.70 रुपये और डीजल 99.87 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है।
दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर है।
कोलकाता में पेट्रोल 113.51 रुपये और डीजल 99.82 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।
चेन्नई में पेट्रोल 107.77 रुपये और डीजल 99.55 रुपये प्रति लीटर है।
मुंबई में पेट्रोल 111.21 रुपये और डीजल 97.83 रुपये प्रति लीटर दर्ज किया गया है।
भोपाल में पेट्रोल 114.65 रुपये और डीजल 99.74 रुपये प्रति लीटर है।
इंदौर में पेट्रोल 114.61 रुपये और डीजल 99.70 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।
जयपुर में पेट्रोल 112.66 रुपये और डीजल 97.78 रुपये प्रति लीटर है।





