लंच बॉक्स के लिए बेस्ट हैं बीटरूट पूरी और पराठा, स्वाद के साथ बच्चों को मिलेगा भरपूर पोषण

puri-paratha

नई दिल्ली: बच्चों को रोजाना पौष्टिक भोजन खिलाना हर माता-पिता के लिए चुनौती बन जाता है। खासकर जब बात हरी सब्जियों की आती है तो अधिकांश बच्चे उन्हें खाने से कतराते हैं। ऐसे में चुकंदर (बीटरूट) से बनी पूरी और पराठा स्वाद और पोषण का बेहतरीन विकल्प साबित हो सकते हैं। यह रेसिपी न केवल बच्चों के लंच बॉक्स के लिए उपयुक्त है, बल्कि शरीर को जरूरी विटामिन, मिनरल्स और फाइबर भी प्रदान करती है। सबसे खास बात यह है कि इसे तैयार करने में लगभग 20 मिनट का समय लगता है।

बीटरूट पूरी बनाने के लिए आवश्यक सामग्री

  • 2 कप गेहूं का आटा
  • 1 कप कद्दूकस किया हुआ चुकंदर
  • ½ छोटा चम्मच अजवाइन
  • स्वादानुसार नमक
  • तलने के लिए तेल

बीटरूट पूरी बनाने की विधि
सबसे पहले चुकंदर को छीलकर छोटे टुकड़ों में काट लें और एक कप पानी में नरम होने तक उबाल लें। उबले हुए चुकंदर को ठंडा कर लें और चाहें तो उसका पेस्ट बना लें। उबालने वाला पानी सुरक्षित रखें।

अब एक बर्तन में गेहूं का आटा, अजवाइन, नमक और चुकंदर मिलाएं। जरूरत अनुसार चुकंदर का बचा हुआ पानी डालकर मुलायम आटा गूंथ लें। आटे को 10 मिनट तक ढककर रख दें। इसके बाद छोटी-छोटी लोइयां बनाकर पूरी बेलें और गर्म तेल में सुनहरा व फूलने तक तल लें। अतिरिक्त तेल निकालकर परोसें।

बीटरूट पराठा बनाने के लिए सामग्री

  • 2 कप गेहूं का आटा
  • 2 बड़े चम्मच चने का आटा
  • 1 चुकंदर
  • बारीक कटा हरा धनिया
  • 1 बड़ा चम्मच तेल
  • 2 बड़े चम्मच तिल
  • लाल मिर्च पाउडर या बारीक कटी हरी मिर्च (वैकल्पिक)
  • ½ छोटा चम्मच हल्दी
  • ¼ छोटा चम्मच हींग
  • स्वादानुसार नमक
  • सेंकने के लिए घी

बीटरूट पराठा बनाने की विधि
चुकंदर को धोकर उसका पेस्ट तैयार कर लें। अब गेहूं का आटा, चने का आटा, चुकंदर प्यूरी, हरा धनिया, तिल, हल्दी, हींग, नमक और थोड़ा तेल डालकर अच्छी तरह आटा गूंथ लें। तैयार आटे की लोइयां बनाकर पराठे बेलें। गर्म तवे पर दोनों तरफ घी लगाकर सुनहरा होने तक सेंकें। गर्मागर्म बीटरूट पराठा दही, अचार या चटनी के साथ परोसें।

बीटरूट खाने के फायदे
चुकंदर आयरन, फोलेट, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स का अच्छा स्रोत माना जाता है। इसका नियमित सेवन शरीर में ऊर्जा बनाए रखने, पाचन तंत्र को बेहतर करने और बच्चों के समग्र विकास में मददगार हो सकता है। बच्चों के भोजन में इसे स्वादिष्ट तरीके से शामिल करना पोषण बढ़ाने का आसान उपाय है।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र