वीसर्व की 10वीं वर्षगांठ पर बड़ा ऐलान, एआई से बदलेगा आईटी सपोर्ट का अंदाज; ‘भारत सर्विस डेस्क’ लॉन्च
नई दिल्ली: अग्रणी आईटी सेवा प्रदाता कंपनी वीसर्व इन्फोसिस्टम्स ने अपने परिचालन के 10 वर्ष पूरे होने पर कांस्टीट्यूशन ऑफ इंडिया, नई दिल्ली में भव्य समारोह आयोजित किया। इस खास अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में कंपनी की एआई आधारित नई पहल ‘भारत सर्विस डेस्क’ का उद्घाटन भी किया गया। वीसर्व ने अपनी इस तकनीकी पहल के साथ वर्ष 2030 तक 1,000 करोड़ रुपये का राजस्व हासिल करने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा है।
नेतृत्व टीम के साथ कई विशिष्ट हस्तियां समारोह में पहुंचीं
10वीं वर्षगांठ के इस विशेष समारोह में वीसर्व की पूरी नेतृत्व टीम और सह-संस्थापक मौजूद रहे। इनमें सीईओ साजिद अहमद, सीओओ एवं सह-संस्थापक रमन शुक्ला, डायरेक्टर-गवर्नमेंट बिजनेस विनीत मिश्रा, रीजनल डायरेक्टर शिवम पांडेय, चीफ सेल्स ऑफिसर निशांत ओहरी, चीफ स्ट्रैटेजी ऑफिसर जलज तिवारी, रीजनल डायरेक्टर लिंकन कठूरिया, रीजनल डायरेक्टर हितेश श्रीवास्तव और चीफ ह्यूमन रिसोर्स ऑफिसर नीरज ओझा शामिल रहे।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सलाहकार अवनीश अवस्थी, उत्तर प्रदेश के रिटायर्ड आईएएस अधिकारी और प्रसार भारती के चेयरमैन रहे नवनीत सहगल, नोएडा सिटिजन फोरम की सदस्य शालिनी सिंह, पंजाब एंड सिंध बैंक के पूर्णकालिक मुख्य सतर्कता अधिकारी हेमंत वर्मा, इंडियन बैंकिंग एसोसिएशन के वरिष्ठ सलाहकार बी.एन. मिश्रा, राष्ट्रपति सुरक्षा सेल के प्रभारी आईपीएस अधिकारी जितेंद्र मणि त्रिपाठी, आईटी और तकनीकी क्षेत्र की जानी-मानी हस्ती तथा एआईओएनओएस के को-फाउंडर एवं वीसी सी.पी. गुरनानी, अमन मेहरा, ईपीएफओ में आरपीएफसी-II के पद पर तैनात कुमार राघवेंद्र और कमल किशोर सहित कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
सुनील शर्मा ने वीसर्व की तकनीकी पहल और टीम को दी बधाई
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा ने वीसर्व के संस्थापक, प्रबंधन टीम, तकनीकी विशेषज्ञों और कर्मचारियों को 10वीं वर्षगांठ पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि वीसर्व इन्फोसिस्टम्स ने नवाचार, मेहनत और प्रतिबद्धता के दम पर तकनीकी क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है।
उन्होंने कहा कि वीसर्व युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘डिजिटल इंडिया’ विजन को साकार करने में भी योगदान दे रही है। सुनील शर्मा ने बताया कि उत्तर प्रदेश में वर्ष 2017 में केवल 120 स्टार्टअप थे, जबकि अब 24,000 पंजीकृत स्टार्टअप हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने स्टार्टअप मिशन के लिए नए सीईओ की नियुक्ति की है और जल्द ही स्वतंत्र निकाय के रूप में एआई मिशन शुरू किया जाएगा।
रमन शुक्ला ने बताया- एआई और भारत सर्विस डेस्क बनेगा अगला बड़ा आधार
वीसर्व के सीओओ एवं सह-संस्थापक रमन शुक्ला ने कंपनी के दस वर्षों के सफर और भविष्य की रणनीति पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ‘भारत सर्विस डेस्क’ वीसर्व की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़ी महत्वपूर्ण पहल है।
रमन शुक्ला ने कहा कि एआई आधारित परिवर्तन और तकनीकी विस्तार के साथ कंपनी वर्ष 2030 तक करीब 1,000 करोड़ रुपये का राजस्व हासिल करने की उम्मीद कर रही है। उन्होंने बताया कि वीसर्व की मौजूदा वृद्धि में उद्योग जगत से जुड़ाव और विदेशी बाजारों में विस्तार की अहम भूमिका रही है।
उन्होंने बताया कि कंपनी के ग्राहक देश के 23 राज्यों के अलावा चार अन्य देशों में भी मौजूद हैं। वीसर्व अगले दो महीनों में सिंगापुर में अपना परिचालन शुरू करने की तैयारी कर रही है, जिससे कंपनी की अंतरराष्ट्रीय मौजूदगी को और विस्तार मिलने की उम्मीद है।
साजिद अहमद ने सफलता का श्रेय टीम और ग्राहकों के भरोसे को दिया
वीसर्व के सीईओ साजिद अहमद ने कंपनी की दस वर्ष की यात्रा में कर्मचारियों की मेहनत और ग्राहकों के भरोसे को सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा कि कंपनी को यहां तक पहुंचाने में पूरी टीम की मेहनत और ग्राहकों के विश्वास की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
साजिद अहमद ने आने वाले वर्षों में और बड़े लक्ष्य हासिल करने की तैयारी का भरोसा जताया। नोएडा स्थित वीसर्व अगले पांच वर्षों में अपने कर्मचारियों की संख्या चार से पांच गुना तक बढ़ाने की योजना पर काम कर रही है। वर्तमान में कंपनी में करीब 2,000 कर्मचारी कार्यरत हैं।
आईटी सेवाओं से एआई तक, अगले दशक की तैयारी
वीसर्व की 10वीं वर्षगांठ का यह समारोह कंपनी की अब तक की यात्रा के साथ उसके भविष्य की तकनीकी दिशा को भी सामने लाने वाला रहा। आईटी सेवाओं के क्षेत्र में काम कर रही कंपनी ने इस अवसर पर ‘भारत सर्विस डेस्क’ को पेश किया, जिसे संगठनों के आईटी संचालन को अधिक तेज, स्वचालित और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से विकसित किया गया है।
‘भारत सर्विस डेस्क’ क्या है और कैसे करेगा काम?
‘भारत सर्विस डेस्क’ वीसर्व इन्फोसिस्टम्स द्वारा विकसित एआई आधारित आईटी सर्विस डेस्क समाधान है। यह कृत्रिम बुद्धिमत्ता, मशीन लर्निंग और जनरेटिव एआई की मदद से उपयोगकर्ताओं की तकनीकी समस्याओं को समझने और उनके समाधान उपलब्ध कराने के लिए तैयार किया गया है। इसका मकसद आईटी से जुड़ी सामान्य समस्याओं के समाधान में लगने वाले समय को कम करना और तकनीकी सेवाओं को अधिक स्वचालित बनाना है।
यह प्रणाली चौबीसों घंटे काम कर सकती है। पासवर्ड रीसेट, सॉफ्टवेयर क्रैश होने या किसी सिस्टम और सेवा तक पहुंच से जुड़ी सामान्य मांग जैसी समस्याओं को यह बिना मानवीय हस्तक्षेप के तत्काल संसाधित कर सकती है। इससे कर्मचारियों को आईटी सहायता के लिए अलग-अलग विभागों पर निर्भर रहने की जरूरत कम हो सकती है।
मुश्किल समस्या आई तो सही आईटी विशेषज्ञ तक पहुंचेगी शिकायत
भारत सर्विस डेस्क की एक अहम सुविधा स्वचालित शिकायत रूटिंग है। यदि किसी तकनीकी समस्या का समाधान एआई के स्तर पर संभव नहीं है और विशेषज्ञ की जरूरत पड़ती है, तो सिस्टम संबंधित शिकायत का टिकट तैयार कर उसे उपयुक्त आईटी इंजीनियर तक पहुंचा सकता है।
इसके साथ ही यह प्रणाली पुराने तकनीकी आंकड़ों का विश्लेषण कर भविष्य में आईटी ढांचे में संभावित गड़बड़ियों का अनुमान लगाने में भी सक्षम है। इस तरह बड़ी तकनीकी समस्या सामने आने से पहले ही उसके संकेतों को पहचानकर कार्रवाई की जा सकती है। कंपनी के अनुसार, इस तरह की स्वचालित व्यवस्था से समय और परिचालन लागत दोनों में बचत हो सकती है।





