IND vs AFG 2nd T20: आज सीरीज जीतने उतरेगा भारत, संजू सैमसन पर लटकी तलवार; वैभव सूर्यवंशी को मिल सकता है मौका

0000-8 (2)

नई दिल्ली: भारत और अफगानिस्तान के बीच टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला 15 सितंबर, मंगलवार को खेला जाएगा। पहले टी20 में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अफगानिस्तान को 7 विकेट से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली थी। अब दूसरे मुकाबले से पहले सबसे ज्यादा चर्चा भारतीय टीम की प्लेइंग-11 को लेकर है।

पहले टी20 में संजू सैमसन को पारी की शुरुआत करने का मौका मिला था, लेकिन वह 8 गेंदों पर सिर्फ 10 रन बना सके। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या टीम प्रबंधन युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को मौका देने के लिए संजू सैमसन को बाहर बैठा सकता है।

वैभव पहले टी20 की प्लेइंग-11 में शामिल नहीं थे और टीम ने संजू को प्राथमिकता दी थी। इस फैसले को लेकर पहले ही काफी चर्चा हुई थी। हालांकि, टीम प्रबंधन दूसरे टी20 में संजू सैमसन को एक और मौका देने के पक्ष में हो सकता है।

वैभव सूर्यवंशी को मौका मिला तो कौन करेगा ओपनिंग?

15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने पिछले कुछ समय में अपनी बल्लेबाजी से काफी सुर्खियां बटोरी हैं। ऐसे में उन्हें दूसरे टी20 में मौका देना टीम इंडिया के लिए बड़ा चयन फैसला होगा। अगर वैभव को अंतिम एकादश में शामिल किया जाता है तो वह अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत कर सकते हैं।

ऐसी स्थिति में विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी ईशान किशन को दी जा सकती है। वैभव को इससे पहले जिम्बाब्वे दौरे पर ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ चुना गया था। जुलाई 2026 में जिम्बाब्वे दौरे के दौरान उन्होंने 3 पारियों में कुल 151 रन बनाए थे।

एक जीत के साथ भारत के नाम होगी सीरीज

पहले टी20 में भारत ने 157 रनों के लक्ष्य को सिर्फ 13.4 ओवर में हासिल कर लिया था। अभिषेक शर्मा ने 32 गेंदों पर 82 रनों की तूफानी पारी खेली थी, जबकि ईशान किशन ने 42 रन बनाए थे।

दूसरे मुकाबले के लिए टीम प्रबंधन नीतीश कुमार रेड्डी की जगह वॉशिंगटन सुंदर को प्लेइंग-11 में शामिल कर सकता है। नीतीश ने पहले टी20 में 2 ओवर गेंदबाजी की थी और 30 रन दिए थे। वहीं, चोटिल वरुण चक्रवर्ती की जगह रवि बिश्नोई को मौका मिलने की संभावना है।

भारत की नजर दूसरे मुकाबले में जीत दर्ज कर सीरीज अपने नाम करने पर होगी। वहीं, क्रिकेट प्रशंसकों की नजर इस बात पर रहेगी कि संजू सैमसन को एक और मौका मिलता है या वैभव सूर्यवंशी की टीम इंडिया में वापसी होती है।

भारत की संभावित प्लेइंग-11

अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, तिलक वर्मा, वॉशिंगटन सुंदर, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और रवि बिश्नोई

अफगानिस्तान की संभावित प्लेइंग-11

इब्राहिम जादरान (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), सेदिकुल्लाह अटल, दरविश रसूली, अजमतुल्लाह उमरजई, गुलबदिन नईब, मोहम्मद नबी, राशिद खान, मुजीब उर रहमान, नूर अहमद और फजलहक फारूकी

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र