अमेरिका में हॉकी मैच के दौरान गोलीबारी, बच्ची समेत 3 की मौत; हमलावर ने खुद को भी मारी गोली
अमेरिका के पावकेट शहर में स्कूली हॉकी कार्यक्रम के दौरान हुए भीषण गोलीकांड से हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार घटना में संदिग्ध हमलावर समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। घटना उस समय हुई जब एरीना में छात्रों और अभिभावकों की भीड़ मौजूद थी।
घटना की जानकारी मिलते ही पहुंची पुलिस
स्थानीय पुलिस प्रमुख टीना गोंकाल्वेस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गोलीबारी की सूचना मिलते ही अधिकारी डेनिस एम. लिंच एरीना पहुंचे और हालात को नियंत्रण में लिया। समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक हमले के बाद हमलावर ने खुद को गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिवार को निशाना बनाने की आशंका
प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि हमलावर ने संभवतः अपने ही परिवार के सदस्यों को निशाना बनाया। मृतकों में एक छोटी बच्ची भी शामिल है। अधिकारियों ने बताया कि घायल तीनों लोगों को गोली लगी है और उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इलाके में सुरक्षा कड़ी, सड़कें बंद
घटना के बाद एरीना के आसपास की सड़कें बंद कर दी गईं और भारी पुलिस बल तैनात किया गया। सुरक्षा एजेंसियां मामले की विस्तृत जांच में जुटी हैं।

गवर्नर ने जताया शोक
डैन मैकी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि राज्य पुलिस स्थानीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रही है और प्रभावित लोगों के लिए प्रार्थना कर रही है। इससे पहले दिसंबर 2025 में ब्राउन यूनिवर्सिटी में हुई गोलीबारी की घटना में भी कई लोग मारे गए और घायल हुए थे, जिसके बाद सार्वजनिक स्थानों पर हथियार हिंसा को लेकर सुरक्षा चिंताएं और बढ़ गई थीं।

