बाली हादसे के बाद एयर एंबुलेंस से मुंबई पहुंचीं नुसरत भरूचा, स्ट्रेचर पर देख चिंतित हुए फैंस; रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर

nusrat

मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री नुसरत भरूचा को बाली में हुए हादसे के बाद एयर एंबुलेंस के जरिए मुंबई लाया गया है। हादसे में उनकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हुआ है। अब मुंबई में उनकी स्पाइन सर्जरी की जाएगी। अभिनेत्री का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उन्हें स्ट्रेचर पर एंबुलेंस से बाहर ले जाते हुए देखा जा सकता है। वीडियो सामने आने के बाद उनके प्रशंसक उनकी सेहत को लेकर चिंतित हैं और जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

स्ट्रेचर पर नजर आईं नुसरत

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में नुसरत भरूचा स्ट्रेचर पर लेटी हुई दिखाई दे रही हैं। इस दौरान उनकी दोस्त और परिवार के सदस्य भी उनके साथ नजर आए। बताया गया है कि नुसरत काम के सिलसिले में बाली गई थीं, जहां उनके साथ हादसा हुआ।

रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए मुंबई लाया गया है। यहां उनकी सर्जरी की जाएगी।

टीम ने दी थी चोट की जानकारी

नुसरत भरूचा की टीम ने शुक्रवार को उनकी चोट की जानकारी साझा की थी। टीम की ओर से बताया गया था कि इस समय अभिनेत्री की सेहत सबसे पहली प्राथमिकता है और उन्हें जरूरी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना महत्वपूर्ण है।

टीम ने प्रशंसकों और अन्य लोगों से नुसरत की निजता का सम्मान करने की अपील भी की थी, ताकि वह अपना पूरा ध्यान स्वस्थ होने पर लगा सकें। चोट के चलते आने वाले कुछ सप्ताह में उनके काम से जुड़े कार्यक्रम और दूसरी प्रतिबद्धतियां भी प्रभावित हो सकती हैं।

वीडियो देखकर फैंस हुए चिंतित

नुसरत का स्ट्रेचर पर दिखाई देने वाला वीडियो सामने आने के बाद उनके प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर जल्द स्वस्थ होने की कामना की। कई प्रशंसकों ने अभिनेत्री का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें मजबूत रहने का संदेश दिया। कुछ प्रशंसकों ने नुसरत के साथ पहले हुई घटनाओं का जिक्र करते हुए भी चिंता जताई।

2023 में इजराइल में फंस गई थीं अभिनेत्री

नुसरत भरूचा अक्टूबर 2023 में इजराइल-हमास युद्ध शुरू होने के दौरान इजराइल में फंस गई थीं। वह एक फिल्म महोत्सव में हिस्सा लेने के लिए तेल अवीव गई थीं। इसी दौरान बम धमाकों और सायरन की आवाजों के बीच उन्हें एक बेसमेंट में शरण लेनी पड़ी थी।

बाद में भारतीय दूतावास और सरकार के प्रयासों से उन्हें 8 अक्टूबर 2023 को सुरक्षित मुंबई वापस लाया गया था।

टाइगर श्रॉफ के साथ फिल्म को लेकर चर्चा

नुसरत के आगामी प्रोजेक्ट को लेकर भी चर्चा है। पिंकविला की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अभिनेत्री टाइगर श्रॉफ के साथ एक फिल्म में नजर आ सकती हैं। रिपोर्ट में बताया गया था कि फिल्म की टीम ऐसे कलाकार की तलाश में थी, जो अपने किरदार में मजबूती और भावनात्मक गहराई ला सके। हालांकि, इस परियोजना को लेकर आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।

2006 में शुरू हुआ था फिल्मी सफर

नुसरत भरूचा ने वर्ष 2006 में रिलीज हुई फिल्म जय संतोषी मां से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद वर्ष 2010 में वह लव, सेक्स और धोखा में नजर आईं। वर्ष 2011 में रिलीज हुई प्यार का पंचनामा से उन्हें खास पहचान मिली। इस फिल्म में उनके साथ कार्तिक आर्यन भी थे।

इसके बाद नुसरत प्यार का पंचनामा 2 और सोनू के टीटू की स्वीटी जैसी फिल्मों में दिखाई दीं। अपने फिल्मी सफर में उन्होंने अलग-अलग तरह के किरदार निभाए हैं और हिंदी सिनेमा में अपनी पहचान बनाई है।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र