कच्चे तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट, 90 डॉलर के करीब पहुंचा ब्रेंट क्रूड; जानें भारत में पेट्रोल-डीजल के ताजा भाव

oil
वाशिंगटन: अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट का सिलसिला जारी है। ब्रेंट क्रूड का भाव 90 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गया है। इसके साथ ही दुनिया के कई बाजारों में पेट्रोल की औसत कीमत में भी कमी दर्ज की गई है। हालांकि, डीजल के दाम में बढ़ोतरी हुई है। इसकी प्रमुख वजह रिफाइनिंग लागत में इजाफा और आपूर्ति से जुड़ी परेशानियां बताई जा रही हैं।

उधर, भारत में 11 नवंबर को सुबह 6 बजे पेट्रोल और डीजल के नए भाव जारी किए गए। देश के प्रमुख शहरों में आज भी ईंधन की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय औसत के मुकाबले भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतें अब भी कम हैं।

ग्लोबल पेट्रोल प्राइसेज डॉट कॉम के ताजा आंकड़ों के अनुसार, दुनिया में पेट्रोल की औसत कीमत 150 रुपये प्रति लीटर से नीचे आ गई है। इसके विपरीत डीजल की औसत कीमत 158.73 रुपये से बढ़कर 159.05 रुपये प्रति लीटर हो गई है। भारत में पेट्रोल का औसत भाव करीब 108 रुपये और डीजल का 98.10 रुपये प्रति लीटर दर्ज किया गया है।

किस देश में सबसे सस्ता और सबसे महंगा पेट्रोल?

दुनिया के अलग-अलग देशों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बड़ा अंतर देखने को मिलता है। आंकड़ों के मुताबिक, लीबिया में पेट्रोल की कीमत सबसे कम करीब 2.21 रुपये प्रति लीटर है। वहीं, वेनेजुएला में पेट्रोल लगभग 3.31 रुपये और डीजल करीब 40 पैसे प्रति लीटर मिल रहा है।

भारत की बात करें तो पोर्ट ब्लेयर में पेट्रोल 88.66 रुपये और डीजल 84.56 रुपये प्रति लीटर है। दूसरी ओर, दुनिया में सबसे महंगा पेट्रोल हांगकांग में करीब 419.25 रुपये प्रति लीटर है। वहां डीजल की कीमत भी लगभग 458 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है।

भारत में सबसे महंगा पेट्रोल आंध्र प्रदेश के चित्तूर में दर्ज किया गया है, जहां इसकी कीमत 118.34 रुपये प्रति लीटर है। चित्तूर में डीजल का भाव 106.06 रुपये प्रति लीटर है।

एक ही कच्चे तेल के बावजूद अलग क्यों होते हैं दाम?

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों का असर दुनिया के सभी देशों पर पड़ता है, लेकिन पेट्रोल और डीजल की खुदरा कीमतें सिर्फ क्रूड के भाव से तय नहीं होतीं। हर देश की कर नीति, सब्सिडी और अन्य लागतें भी इसमें अहम भूमिका निभाती हैं।

कुछ देशों में ईंधन पर भारी टैक्स लगाया जाता है, जबकि कई देश उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए करों में कटौती करते हैं या सब्सिडी देते हैं। यही वजह है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत समान होने के बावजूद अलग-अलग देशों में पेट्रोल-डीजल के दाम में बड़ा अंतर रहता है।

हर देश में कीमतें बदलने का समय भी अलग

पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बदलाव की व्यवस्था भी सभी देशों में एक जैसी नहीं है। कुछ देशों में हर सप्ताह ईंधन के दामों की समीक्षा होती है और उसी आधार पर नई कीमतें लागू की जाती हैं। वहीं, जिन देशों में सरकार ईंधन की कीमतों को नियंत्रित करती है, वहां आमतौर पर महीने के आधार पर समीक्षा की जाती है। ऐसे बाजारों में कीमतों में रोजाना या बार-बार बदलाव नहीं होता।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र