न्यूयॉर्क की सड़कों पर सुनीता विलियम्स का सम्मान, 20 हजार लोगों की परेड की बनीं ग्रैंड मार्शल; नौसेना से अंतरिक्ष तक का सफर फिर चर्चा में

njbn
न्यूयॉर्क: भारतीय-अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री और नौसेना की सेवानिवृत्त कैप्टन सुनीता विलियम्स को न्यूयॉर्क में आयोजित 107वीं वार्षिक ‘पूर्व सैनिक दिवस’ परेड में ग्रैंड मार्शल के रूप में सम्मानित किया गया। बुधवार को मैनहट्टन के फिफ्थ एवेन्यू पर निकली इस परेड का नेतृत्व उन्होंने किया। करीब 20 हजार लोगों की भागीदारी वाले इस आयोजन में पूर्व सैन्य कर्मियों की सेवा, बलिदान और समर्पण को श्रद्धांजलि दी गई।

ग्रैंड मार्शल के रूप में सम्मानित होने पर सुनीता विलियम्स ने इसे अपने लिए बड़ा सम्मान बताया। उन्होंने कहा कि नौसेना में बिताए समय ने उन्हें आज के व्यक्तित्व के रूप में तैयार किया और जीवन में आने वाली चुनौतियों का सामना करने की क्षमता दी। उन्होंने कहा कि उन्हें न्यूयॉर्क और पूरे अमेरिका के लोगों के साथ मिलकर हर पीढ़ी के पूर्व सैनिकों की सेवाओं और बलिदान का सम्मान करने पर गर्व है।

हजारों पूर्व सैनिकों और विभिन्न संगठनों ने लिया हिस्सा

पूर्व सैनिक दिवस पर आयोजित इस परेड में हजारों पूर्व सैन्यकर्मियों के अलावा सशस्त्र बलों, स्थानीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों, सामुदायिक संगठनों और स्कूलों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में कई बैंड भी शामिल हुए। इसके अलावा विभिन्न कंपनियों की झांकियां निकाली गईं, जिनमें उनके यहां काम करने वाले पूर्व सैन्यकर्मियों को प्रदर्शित किया गया।

परेड से एक दिन पहले सुनीता विलियम्स ने ‘यूएसएस सैन एंटोनियो’ जहाज पर मरीन कॉर्प्स की स्थापना की 251वीं वर्षगांठ के कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया था।

अंतरिक्ष में 608 दिन बिताए, नौ बार स्पेस वॉक का रिकॉर्ड

नासा से जुड़ने से पहले सुनीता विलियम्स टेस्ट पायलट के रूप में काम कर चुकी थीं। अपने अंतरिक्ष करियर के दौरान उन्होंने तीन मिशनों में कुल 608 दिन अंतरिक्ष में बिताए। उनके नाम एक महिला के रूप में सबसे अधिक नौ बार स्पेस वॉक करने का रिकॉर्ड भी दर्ज है। इन स्पेस वॉक के दौरान उन्होंने कुल 62 घंटे अंतरिक्ष में बिताए।

बोइंग स्टारलाइनर मिशन के बाद सुर्खियों में आई थीं सुनीता

सुनीता विलियम्स न्यूरोएनाटॉमिस्ट दीपक पांड्या और स्लोवेनिया की रहने वाली उर्सुलिन पांड्या की बेटी हैं। वह वर्ष 2024 में बोइंग स्टारलाइनर की पहली मानवयुक्त उड़ान के तहत अंतरिक्ष मिशन पर गई थीं। यह यात्रा शुरुआत में आठ दिनों की निर्धारित थी, लेकिन अंतरिक्ष यान में तकनीकी खराबी के कारण उनकी वापसी टल गई। इसके चलते उन्हें अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर लगभग नौ महीने बिताने पड़े।

इस लंबे प्रवास के दौरान सुनीता विलियम्स अंतरिक्ष में अपनी मौजूदगी और मिशन से जुड़ी चुनौतियों को लेकर दुनियाभर में चर्चा में रहीं। अब न्यूयॉर्क की पूर्व सैनिक दिवस परेड में ग्रैंड मार्शल के रूप में सम्मानित किए जाने के बाद एक बार फिर उनकी सैन्य सेवा और अंतरिक्ष उपलब्धियां सुर्खियों में हैं।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र