हूती हमलों के बीच सऊदी अरब के साथ खड़ा हुआ पाकिस्तान, शहबाज शरीफ ने दिया सुरक्षा का भरोसा

Untitled-1-copy-177

इस्लामाबाद: सऊदी अरब पर हूती हमलों के बीच पाकिस्तान ने उसकी सुरक्षा और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा कि उनका देश सऊदी अरब की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उसके साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने यह बात मक्का संयुक्त रक्षा समझौते के नवनियुक्त महासचिव सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल नौमान महमूद के साथ मुलाकात के दौरान कही।

पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्किये के बीच रक्षा समझौता

नौमान महमूद ने प्रधानमंत्री कार्यालय में शहबाज शरीफ से मुलाकात की। उन्हें सितंबर में पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्किये के बीच हुए रक्षा गठबंधन का पहला महासचिव नियुक्त किया गया था। यह गठबंधन मक्का संयुक्त रक्षा समझौते पर आधारित है, जिस पर तीनों देशों ने 7 अगस्त को हस्ताक्षर किए थे।

समझौते के तहत किसी एक सदस्य देश पर सशस्त्र हमला तीनों देशों के खिलाफ हमला माना जाएगा। रेडियो पाकिस्तान के मुताबिक, महमूद ने शहबाज शरीफ को समझौते के तहत रक्षा और रणनीतिक सहयोग बढ़ाने की रणनीति की जानकारी दी।

शहबाज शरीफ ने समझौते को बताया ऐतिहासिक कदम

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने मक्का संयुक्त रक्षा समझौते को क्षेत्र में शांति, एकता और स्थिरता के लिए ऐतिहासिक मील का पत्थर बताया। उन्होंने नौमान महमूद को नई जिम्मेदारी संभालने के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

यह बैठक ऐसे समय हुई है, जब सऊदी अरब में हूती हमलों की खबरें सामने आ रही हैं। ऐसे में पाकिस्तान की ओर से सुरक्षा सहयोग को लेकर दिया गया बयान दोनों देशों के रक्षा संबंधों के संदर्भ में अहम माना जा रहा है।

रियाद और अबहा हवाई अड्डों को निशाना बनाने का दावा

रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान समर्थित हूतियों ने इस महीने सऊदी अरब के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, रियाद और अबहा हवाई अड्डे समेत कई ठिकानों को निशाना बनाया है। इन हमलों से उड़ान सेवाएं प्रभावित होने और जान-माल के नुकसान की खबरें भी सामने आई हैं।

सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्रालय के अनुसार, देश के पूर्वी प्रांत में अरामको की एक इकाई पर हमले के बाद एक प्रशासनिक इमारत में आग लग गई। हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली।

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच रक्षा सहयोग पर जोर

मंगलवार रात हूतियों और सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन के बीच हमलों के बाद पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने की खबरें सामने आई हैं। इस घटनाक्रम के बीच पाकिस्तान ने सऊदी अरब के साथ रक्षा और रणनीतिक सहयोग को मजबूत करने का संकेत दिया है। दोनों देशों के बीच सुरक्षा साझेदारी को लेकर आगे क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर नजर रहेगी।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र