दक्षिण अफ्रीका में स्मृति सभा से लौट रहे लोगों पर ताबड़तोड़ गोलीबारी, 4 की मौत और 3 घायल

crimew

जोहानिसबर्ग: दक्षिण अफ्रीका में एक स्थानीय राजनेता की स्मृति सभा से लौट रहे लोगों पर बंदूकधारी ने अंधाधुंध गोलियां चला दीं। इस हमले में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। घायलों में कम से कम एक बच्चा भी शामिल है। पुलिस ने बुधवार को घटना की जानकारी देते हुए बताया कि संदिग्ध ने आत्मसमर्पण कर दिया है और उसे हिरासत में ले लिया गया है।

देर रात कैटलेहोंग टाउनशिप में हुई गोलीबारी

पुलिस के मुताबिक, यह घटना मंगलवार देर रात जोहानिसबर्ग के दक्षिण-पूर्व में स्थित कैटलेहोंग टाउनशिप में हुई। शुरुआत में घटनास्थल पर दो लोगों की मौत की जानकारी सामने आई थी। हालांकि, अस्पताल में भर्ती दो अन्य घायलों ने बुधवार को दम तोड़ दिया, जिसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई।

दक्षिण अफ्रीकी पुलिस सेवा ने बताया कि मामले की जांच राजनीतिक हत्याओं से जुड़े विशेष जांच दल को सौंप दी गई है। फिलहाल पुलिस हमले के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।

मृतकों में एएनसी की युवा शाखा के सदस्य होने की खबर

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, मृतकों में से कुछ अफ्रीकन नेशनल कांग्रेस (एएनसी) की युवा शाखा के सदस्य थे। एएनसी दक्षिण अफ्रीका की संसद में सबसे बड़ी पार्टी है। खबरों के मुताबिक, जिस स्मृति सभा से लोग लौट रहे थे, वह एएनसी की एक महिला नेता की याद में आयोजित की गई थी।

उस महिला नेता की इसी महीने की शुरुआत में हुई गोलीबारी में मौत हो गई थी। उस घटना के पीछे राजनीतिक वजह होने की आशंका जताई गई थी। हालांकि, पुलिस ने ताजा हमले में मारे गए लोगों की पहचान की तत्काल पुष्टि नहीं की है।

राजनीतिक हत्याओं को लेकर बढ़ी चिंता

दक्षिण अफ्रीका में गोलीबारी और बंदूक से जुड़े अपराधों की दर काफी अधिक है। स्थानीय राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के कारण गोलीबारी और हत्याओं की घटनाएं भी सामने आती रहती हैं।

ग्लोबल इनिशिएटिव अगेंस्ट ट्रांसनेशनल ऑर्गेनाइज्ड क्राइम की इसी महीने जारी रिपोर्ट के मुताबिक, दक्षिण अफ्रीका में इस साल अब तक 43 ऐसी हत्याएं हुई हैं, जिनके राजनीतिक रूप से प्रेरित होने का संदेह है। ताजा गोलीबारी ने एक बार फिर देश में राजनीतिक हिंसा और बंदूक से होने वाले अपराधों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र