रवींद्र जडेजा ने रचा इतिहास, WTC में 50 टेस्ट खेलने वाले पहले भारतीय और एशियाई क्रिकेटर बने

0000000000-19

नई दिल्ली: श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब में खेले जा रहे टेस्ट मैच के पहले दिन भारत ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 300 रन बना लिए। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम के लिए यह मुकाबला स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा के लिए भी बेहद खास बन गया। मैदान पर उतरते ही जडेजा ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के इतिहास में ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया, जो अब तक किसी भारतीय या एशियाई खिलाड़ी के नाम नहीं था।

WTC में 50 टेस्ट खेलने वाले पहले एशियाई बने जडेजा

रवींद्र जडेजा विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में 50 टेस्ट मैच खेलने वाले पहले भारतीय और एशियाई क्रिकेटर बन गए हैं। बल्ले और गेंद दोनों से लगातार प्रभाव छोड़ने वाले जडेजा ने इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में अपने प्रदर्शन के दम पर यह खास उपलब्धि हासिल की है।

हर WTC चक्र में जडेजा का रहा अहम योगदान

साल 2012 में टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करने वाले जडेजा ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के हर चक्र में भारत के लिए अहम भूमिका निभाई है। 50 मैचों में उनके नाम 2675 रन और 160 विकेट दर्ज हैं।

पहले विश्व टेस्ट चैंपियनशिप चक्र यानी 2019 से 2021 के दौरान जडेजा ने 11 मुकाबलों में 500 रन बनाए और 29 विकेट हासिल किए। इसके बाद 2021 से 2023 के दूसरे चक्र में उन्होंने 13 मैच खेले। इस दौरान उनके बल्ले से 721 रन निकले और उन्होंने 47 विकेट अपने नाम किए।

2023 से 2025 के तीसरे चक्र में जडेजा ने 15 मुकाबलों में 664 रन बनाए और 55 विकेट चटकाए। मौजूदा विश्व टेस्ट चैंपियनशिप चक्र में वह अब तक 11 मैच खेल चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 700 से ज्यादा रन बनाए हैं और 29 विकेट हासिल किए हैं।

WTC में जडेजा के बाद सिराज का नंबर

भारत की ओर से विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में सबसे ज्यादा मैच खेलने के मामले में जडेजा के बाद तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज दूसरे स्थान पर हैं। कोलंबो में जारी मुकाबला सिराज का 47वां WTC मैच है। उनके नाम अब तक 141 विकेट दर्ज हैं।

विराट कोहली ने 2019 से 2025 के बीच विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के 46 मुकाबले खेले, जिसमें उन्होंने 2617 रन बनाए हैं।

गिल और पंत ने खेले 42-42 मुकाबले

विराट कोहली के बाद शुभमन गिल और ऋषभ पंत का नंबर आता है। दोनों खिलाड़ियों ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में 42-42 मैच खेले हैं। पंत के नाम इस टूर्नामेंट में 2885 रन हैं, जबकि शुभमन गिल ने अब तक 2867 रन बनाए हैं।

दिग्गज ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने WTC में 41 मैच खेले हैं और उनके नाम 195 विकेट हैं। वहीं, रोहित शर्मा ने 40 मैचों में 2716 रन बनाए हैं।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र