इमरान खान के इलाज को लेकर 21 पूर्व कप्तानों की शहबाज शरीफ से अपील, गावस्कर-कपिल देव समेत दिग्गजों ने लिखा पत्र
इस्लामाबाद: पाकिस्तान की जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री और 1992 विश्व कप विजेता कप्तान इमरान खान के स्वास्थ्य और उचित चिकित्सा सुविधा को लेकर दुनिया के 21 पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कप्तानों ने पाकिस्तान सरकार से अपील की है। इन पूर्व कप्तानों में भारत के सुनील गावस्कर, कपिल देव और दिलीप वेंगसरकर भी शामिल हैं। यह पहल ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान ग्रेग चैपल की ओर से की गई है। इमरान खान के मानवीय व्यवहार और बेहतर चिकित्सा सुविधा की मांग को लेकर पूर्व कप्तानों की ओर से यह दूसरा पत्र है।
दाहिनी आंख की रोशनी को लेकर जताई चिंता
पूर्व क्रिकेट कप्तानों ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से अपील की है कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर गठित मेडिकल बोर्ड को इमरान खान की स्वास्थ्य स्थिति का स्वतंत्र आकलन पूरा करने दिया जाए। इस बोर्ड में इमरान खान के निजी डॉक्टरों को भी शामिल किया गया है। पत्र में खास तौर पर इमरान खान की दाहिनी आंख की रोशनी कम होने की खबर को लेकर चिंता जताई गई है। पूर्व कप्तानों का कहना है कि उनकी स्वास्थ्य स्थिति की पूरी और स्वतंत्र जांच जरूरी है।
साप्ताहिक पारिवारिक मुलाकात जारी रखने की मांग
पत्र में सुप्रीम कोर्ट की ओर से बहाल की गई साप्ताहिक पारिवारिक मुलाकातों को बिना किसी रुकावट के जारी रखने की भी अपील की गई है। पूर्व कप्तानों ने कहा है कि मेडिकल जांच के बाद जिस उपचार की जरूरत बताई जाए, उसे बिना किसी देरी के उपलब्ध कराया जाना चाहिए।
कानूनी प्रक्रिया में हस्तक्षेप से किया इनकार
पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों ने अपने पत्र में स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य पाकिस्तान की घरेलू कानूनी प्रक्रिया में हस्तक्षेप करना नहीं है। उनका कहना है कि अदालत के आदेश के तहत होने वाली चिकित्सा प्रक्रिया को पूरा कराना मानवीय गरिमा और बुनियादी शिष्टाचार से जुड़ा विषय है।
गावस्कर-कपिल समेत इन दिग्गजों ने किए हस्ताक्षर
इस पत्र पर सुनील गावस्कर, कपिल देव और दिलीप वेंगसरकर के अलावा एलन बॉर्डर, माइकल एथर्टन, माइकल ब्रियरली, इयान चैपल, ग्रेग चैपल, बेलिंडा क्लार्क, एलिस्टर कुक, एडम गिलक्रिस्ट, डेविड गोवर, किम ह्यूज, नासिर हुसैन, क्लाइव लॉयड, अर्जुना रणतुंगा, एंड्रयू स्ट्रॉस, स्टीफन वॉ और जॉन राइट समेत 21 पूर्व कप्तानों ने हस्ताक्षर किए हैं।
इमरान खान पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री होने के साथ उस टीम के कप्तान भी रहे हैं, जिसने 1992 में पहली बार पाकिस्तान को क्रिकेट विश्व कप जिताया था।





